Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu Kashmir: पुलवामा में तूफान का कहर, ट्रस गिरने से एक की मौत, 4 घायल

April 17, 2026

Jammu Kashmir: पुलवामा में तूफान का कहर, ट्रस गिरने से एक की मौत, 4 घायल

जम्मू कश्मीर डेस्कः पुलवामा जिले के लस्सीपोरा इलाके में वीरवार देर शाम आए तेज तूफान के कारण एक निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज यूनिट का ढांचा (ट्रस) गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। इसके अलावा कई घरों की छतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

ये भी पढ़ें :-

एक अधिकारी के अनुसार, तेज हवाओं के चलते निर्माणाधीन ढांचा ढह गया, जिससे पांच लोग घायल हुए। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रफियाबाद के रूहमा निवासी सज्जाद अहमद मीर के रूप में हुई है। घायलों में अमृतसर के जसप्रीत सिंह, बडगाम के एजाज कुमार, हिलाल अहमद राथर और बारामुला के नसीर अहमद मीर शामिल हैं।

उधर, पांपोर कस्बे में भी तूफान का असर देखने को मिला। कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क किनारे खड़े वाहनों के शीशे टूट गए। उपायुक्त कार्यालय के राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए टीम गठित कर दी गई है और प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा दिया जाएगा।

मौसम में बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है, जिसका असर 17 से 19 अप्रैल के बीच कश्मीर में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में शाम के समय बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है।

वीरवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। काजीगुंड में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री और न्यूनतम 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 19 अप्रैल तक आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, 20 से 24 अप्रैल के बीच मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

ये भी देखें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें