Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : ट्रेनिंग के दौरान फरीदाबाद का मोहित शहीद, पंचतत्व में विलीन

April 20, 2026

Haryana : ट्रेनिंग के दौरान फरीदाबाद का मोहित शहीद, पंचतत्व में विलीन

फरीदाबाद। हिमाचल प्रदेश के चंबा की बकलोह सैन्य छावनी में ट्रेनिंग के दौरान घायल 26 वर्षीय भारतीय सेना के जवान मोहित का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। 18 अप्रैल को मोहित स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में बॉक्सिंग अभ्यास कर रहे थे। उनके कान के पास सिर में गंभीर चोट लग गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

40 दिन पहले ही भेजा था प्रशिक्षण के लिए

मोहित भारतीय सेना की 29 पैरा यूनिट से जुड़े हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती आगरा में थी। करीब 40 दिन पहले ही उन्हें विशेष प्रशिक्षण के लिए बकलोह भेजा गया था। वह लगभग 8 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे और बचपन से ही देश सेवा का सपना देखते थे, जिसे उन्होंने पहली ही कोशिश में पूरा कर दिखाया।

फरवरी में परिणय सूत्र में बंधे थे मोहित

मोहित की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी. वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई सरकारी नौकरी में हैं जबकि मंझले भाई निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। परिवार ने अपने सबसे छोटे बेटे को खो दिया, जिससे घर में गहरा शोक व्याप्त है। मोहित का पार्थिव शरीर सबसे पहले फरीदाबाद स्थित उनके निवास पर लाया गया, जहां लोगों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद उनके पैतृक गांव शाहपुर में अंतिम यात्रा निकाली।

राजकीय सम्मान और नम आंखों से विदाई

अंतिम यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और विधायक मुखचंद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि यह बेहद दुखद क्षण है कि मोहित इतनी कम उम्र में शहीद हो गए। देश उनकी सेवा को हमेशा याद रखेगा। मोहित के बड़े भाई राहुल ने चिता को मुखाग्नि दी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जहां मेरे भाई का अंतिम संस्कार हुआ है, वहां एक स्मारक बनाया जाए और किसी सरकारी स्कूल का नाम उनके नाम पर रखा जाए, जिससे कि आने वाली पीढ़ियां उन्हें याद रखें।

केंद्रीय मंत्री ने दिया आश्वासन

केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार शहीद मोहित की स्मृति में गांव के किसी स्कूल का नाम उनके नाम पर रखने के प्रस्ताव पर विचार करेगी और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें