Summer Vacation: ओडिशा में भीषण गर्मी ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गर्मी के कारण स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियां तय समय से पहले घोषित कर दी हैं।
27 अप्रैल से बंद रहेंगे सभी स्कूल
ओडिशा सरकार ने घोषणा की है कि 27 अप्रैल से राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। बच्चों को लू और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाया जा सके।
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड वोटिंग पर CJI ने जताई खुशी, बोले- लोकतंत्र हुआ मजबूत
परीक्षाएं और जरूरी काम जारी रहेंगे
सरकार ने आदेश में स्पष्ट किया है कि स्कूल भले ही बंद रहेंगे, लेकिन पहले से तय परीक्षाएं, जनगणना कार्य और अन्य प्रशासनिक गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
गर्मी ने बदला छुट्टियों का कैलेंडर
आम तौर पर राज्य में गर्मियों की छुट्टियां मई के पहले सप्ताह के बाद होती हैं, लेकिन इस बार तापमान में असामान्य वृद्धि के कारण कैलेंडर में बदलाव करना पड़ा। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। हालात को देखते हुए राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश चंद्र पुजारी ने संकेत दिया है कि जल्द ही आंगनवाड़ी केंद्रों को भी बंद किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- क्या आप भी पेट्रोल भरवाते समय इन बातों को करते हैं नजरअंदाज, हो सकता है नुकसान
45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है। अनुमान है कि कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गुरुवार को ही राज्य के कम से कम 24 स्थानों पर पारा 40 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।
छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि
सरकार का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह से छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।