एंटरटेनमेंट डेस्क: ग्लोबल पॉप स्टार रिहाना अपने कुछ मेहमानों के साथ अंबानी परिवार के घर खास लंच के लिए पहुंचीं। इस दौरान उनका स्वागत बेहद गर्मजोशी और पारंपरिक अंदाज में किया गया। इस मौके पर ईशा अंबानी, श्लोका अंबानी, राधिका और अनंत अंबानी मौजूद थे। सभी ने मिलकर रिहाना का खास अंदाज में स्वागत किया।

रिहाना के पहुंचते ही ईशा अंबानी और राधिका मर्चेंट उन्हें देखकर काफी खुश नजर आईं। दोनों ने मुस्कुराते हुए उनका स्वागत किया और उन्हें घर के अंदर ले गईं। इस दौरान रिहाना ने अंबानी परिवार के साथ भारतीय परंपराओं में भी हिस्सा लिया। उन्होंने परिवार के साथ मिलकर भगवान की आरती की। भारतीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से देखकर रिहाना काफी प्रभावित दिखीं।

आरती के बाद माहौल और भी रंगीन हो गया, जब रिहाना ने सभी के साथ फूलों की होली खेली। इस खास पल का उन्होंने जमकर आनंद लिया। खासकर ईशा अंबानी के साथ उनकी फूलों की होली काफी चर्चा में रही, जिसमें दोनों ने हंसते-खेलते खूब मस्ती की। इस मौके पर ईशा अंबानी ने रिहाना को एक खास और कीमती तोहफा भी दिया, जिसे पाकर सिंगर काफी खुश नजर आईं।

बता दें रिहाना का भारत से जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है। उनके ब्यूटी ब्रांड ने मुकेश अंबानी की कंपनी के साथ साझेदारी कर भारतीय बाजार में कदम रखा है।

इससे पहले भी रिहाना साल 2024 में मुंबई आई थीं, जहां उन्होंने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया था।
