Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

हुनान में आतिशबाजी कारखाने में विस्फोट के बाद राहत कार्य तेज, उप प्रधानमंत्री चांग कुओछिंग ने संभाली कमान

May 6, 2026

हुनान में आतिशबाजी कारखाने में विस्फोट के बाद राहत कार्य तेज, उप प्रधानमंत्री चांग कुओछिंग ने संभाली कमान

इंटरनेशनल डेस्क: चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण निर्देशों और प्रधानमंत्री ली छ्यांग की आवश्यकताओं के तहत, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य तथा उप प्रधानमंत्री चांग कुओछिंग 5 मई को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चीन के हुनान प्रांत की राजधानी छांगशा के ल्योयांग शहर पहुंचे।

वहां उन्होंने आतिशबाजी कारखाने में हुए विस्फोट के बाद आपातकालीन बचाव और राहत कार्यों का मार्गदर्शन किया। ल्योयांग पहुंचते ही चांग कुओछिंग सीधे विस्फोट स्थल और स्थानीय अस्पताल गए। उन्होंने घायलों, जमीनी स्तर के कर्मचारियों और बचाव कर्मियों को राष्ट्रपति शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण निर्देशों से अवगत करवाया तथा उनकी चिंता और संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने लापता लोगों की तलाश और घायलों के इलाज की स्थिति की विस्तृत जानकारी भी ली। इसके बाद चांग कुओछिंग ने घटनास्थल पर बने कमांड सेंटर में बैठक की। बैठक में बचाव और उपचार कार्यों, दुर्घटना के बाद की स्थिति से निपटने तथा हादसे की जांच से जुड़ी आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राष्ट्रपति ने लापता लोगों की तुरंत खोज, घायलों के इलाज के लिए हरसंभव प्रयास, दुर्घटना के कारणों की जल्द जांच, प्रमुख उद्योगों और क्षेत्रों में जोखिमों तथा छिपे खतरों की पहचान और रोकथाम, और सार्वजनिक सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने भी निर्देश जारी करते हुए कहा है कि हताहतों की संख्या का जल्द सत्यापन किया जाए, घायलों का पूरी तत्परता से इलाज हो, खोज और बचाव अभियान वैज्ञानिक तरीके से चलाया जाए, द्वितीयक आपदाओं को रोका जाए और दुर्घटना के कारणों का जल्द पता लगाया जाए।

चांग कुओछिंग ने कहा कि हुनान प्रांत और संबंधित विभागों को राष्ट्रपति शी चिनफिंग और प्रधानमंत्री ली छ्यांग के निर्देशों को गंभीरता से लागू करना चाहिए। साथ ही, इस हादसे से सबक लेते हुए सुरक्षा उत्पादन संबंधी जिम्मेदारियों की कड़ी निगरानी करनी चाहिए और प्रमुख उद्योगों व क्षेत्रों में जोखिमों तथा छिपे खतरों की गहन जांच करनी चाहिए, ताकि लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लापता लोगों की तलाश में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। वैज्ञानिक तरीके से खोज और बचाव कार्यों के लिए पेशेवर टीमों को लगाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति पीछे न छूटे। साथ ही, द्वितीयक हादसों को सख्ती से रोका जाए। उन्होंने कहा कि उच्च स्तरीय चिकित्सा संसाधनों को जुटाकर घायलों का बेहतर इलाज किया जाए, ताकि चोटों के कारण होने वाली विकलांगता को कम किया जा सके।

चांग कुओछिंग ने आतिशबाजी और खतरनाक रसायनों से जुड़े उद्योगों में अवैध गतिविधियों और नियम उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की भी बात कही। उन्होंने कहा कि अनुमत सीमा से अधिक कर्मचारियों की तैनाती, रसायनों का अत्यधिक उपयोग, परमिट की सीमा से बाहर काम करना, डिज़ाइन क्षमता से अधिक उत्पादन करना तथा कार्यशालाओं और उत्पादन प्रक्रियाओं में बिना अनुमति बदलाव जैसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों से कहा कि वे इस दुर्घटना से गंभीर सबक लें और जांच व सुधार कार्यों की गुणवत्ता और दक्षता को और बेहतर बनाएं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें