Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा तस्करों पर अंबाला रेंज पुलिस का बड़ा प्रहार; 31 क्विंटल अवैध मादक पदार्थों को किया नष्ट

May 7, 2026

नशा तस्करों पर अंबाला रेंज पुलिस का बड़ा प्रहार; 31 क्विंटल अवैध मादक पदार्थों को किया नष्ट

अंबाला छावनी : हरियाणा सरकार के ‘नशा मुक्त हरियाणा’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए आज अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन की अध्यक्षता में नशा तस्करों से जब्त किए गए लगभग 31 क्विंटल अवैध मादक पदार्थों को विधिपूर्वक नष्ट किया गया। भड़ोग स्थित. रुद्राक्ष एनवीरोकेयर प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के परिसर में आयोजित इस कार्यवाही के दौरान अंबाला रेंज के तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

रिकॉर्ड मात्रा में नशे का निष्पादन
कानूनी प्रक्रिया का पूरी पारदर्शिता के साथ पालन करते हुए अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों के कुल 436 मामलों से संबंधित 30 क्विंटल 83 किलो 90 ग्राम और 231 मिलीग्राम नशीले पदार्थों को सुरक्षित रूप से नष्ट किया गया। यह भारी खेप रेंज पुलिस द्वारा विभिन्न अभियानों के दौरान नशा तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर बरामद की गई थी। आईजीपी पंकज नैन ने कम समय में इतनी बड़ी कामयाबी हासिल करने पर रेंज के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की पीठ थपथपाई।

नशा तस्करों को सख्त चेतावनी
इस अवसर पर आईजीपी श्री पंकज नैन ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि नशा तस्करी के काले कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों की प्रॉपर्टी अटैच की जा रही है। साथ ही, आदतन अपराधियों पर प्रीवेंटिव एक्शन लेकर उन्हें लंबे समय के लिए जेल भेजा जा रहा है।

युवाओं और समाज से अपील
आईजीपी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशे जैसी जानलेवा लत से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को शिक्षा व खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने आम जनता से सहयोग मांगते हुए कहा, “नशा मुक्त समाज के निर्माण में नागरिक पुलिस की आंख और कान बनें। यदि आपके आसपास कोई नशा बेचता है, तो तुरंत सूचना दें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

मौके पर मौजूद अधिकारी
नशा विनष्टीकरण की इस प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधीक्षक अंबाला श्री अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र श्री चंद्रमोहन, पुलिस अधीक्षक यमुनानगर श्री कमलदीप गोयल तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें