Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

रूस का बड़ा फैसला: यूक्रेन के साथ 8 से 10 मई तक युद्धविराम का किया ऐलान

May 8, 2026

रूस का बड़ा फैसला: यूक्रेन के साथ 8 से 10 मई तक युद्धविराम का किया ऐलान

इंटरनेशनल डेस्क: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच रूस ने तीन दिनों के अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 8 मई की आधी रात से 10 मई तक सीजफायर लागू रहेगा। यह फैसला द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत संघ की जीत की 81वीं वर्षगांठ के मौके पर लिया गया है।

पुतिन के निर्देश पर लिया गया फैसला

रूस मीडिया के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रूसी सेना के सुप्रीम कमांडर के निर्देश पर यह युद्धविराम लागू किया जाएगा। इस दौरान विक्ट्री डे समारोह आयोजित होंगे, जिन्हें रूस हर साल बड़े स्तर पर मनाता है। रूस में 9 मई को ‘विक्ट्री डे’ के रूप में मनाया जाता है। यह दिन नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की याद में मनाया जाता है और मॉस्को के रेड स्क्वायर में भव्य सैन्य परेड आयोजित की जाती है।

ये भी पढ़ें: PSEB Result: पंजाब बोर्ड का बड़ा ऐलान, इस दिन जारी होंगे 10वीं-12वीं के रिजल्ट

जेलेंस्की के बयान से बढ़ा तनाव

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हाल ही में यूरोपीय पॉलिटिकल कम्युनिटी समिट में रूस की विक्ट्री परेड को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि इस बार परेड में शायद भारी सैन्य उपकरण नजर न आएं। जेलेंस्की ने यह भी कहा कि रूस को इस बात का डर है कि रेड स्क्वायर के ऊपर यूक्रेनी ड्रोन मंडरा सकते हैं। उनके इस बयान के बाद रूस की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।

रूस ने पश्चिमी देशों पर साधा निशाना

रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि पश्चिमी देश लगातार सोवियत इतिहास और सैनिकों की विरासत को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई यूरोपीय देशों में सोवियत स्मारकों को हटाया जा रहा है और इतिहास को बदलने की कोशिश की जा रही है। जखारोवा ने कहा कि रूस 9 मई के महत्व को कभी कम नहीं होने देगा।

मॉस्को पर ड्रोन हमले की आशंका

रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस को आशंका है कि विक्ट्री डे समारोह के दौरान यूक्रेन ड्रोन हमला कर सकता है। इसी वजह से सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है। रूसी सैन्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर मॉस्को या रेड स्क्वायर को निशाना बनाने की कोशिश हुई, तो रूस की ओर से कड़ा जवाब दिया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि रूस के पास कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला करने की क्षमता है, हालांकि अब तक उसने ऐसा कदम नहीं उठाया है।

आर्मेनिया के राजदूत को किया तलब

रूस ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के बयानों को लेकर आर्मेनिया पर भी नाराजगी जताई है। रूस के विदेश मंत्रालय ने बताया कि मॉस्को में आर्मेनिया के राजदूत गुरगेन आर्सेन्यान को तलब किया गया। रूस के उप विदेश मंत्री मिखाइल गालुजिन ने आर्मेनियाई राजदूत से मुलाकात कर कहा कि जेलेंस्की को रूस विरोधी बयान देने के लिए मंच उपलब्ध कराना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

युद्ध के बीच बढ़ती कूटनीतिक तनातनी

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब केवल सैन्य मोर्चे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कूटनीतिक स्तर पर भी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। एक तरफ रूस विक्ट्री डे को शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रहा है। वहीं दूसरी ओर यूक्रेन और उसके समर्थक देश रूस पर दबाव बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले दिनों में विक्ट्री डे समारोह और युद्धविराम के दौरान दुनिया की नजर रूस और यूक्रेन की गतिविधियों पर बनी रहेगी।

ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से किया इनकार, राज्यपाल ने भंग कर दी पश्चिम बंगाल विधानसभा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें