Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल नगर निकाय चुनावों के चलते टलीं LEET और PAT की परीक्षाएं, अब इस महीनें में होंगे पेपर

May 8, 2026

हिमाचल नगर निकाय चुनावों के चलते टलीं LEET और PAT की परीक्षाएं, अब इस महीनें में होंगे पेपर

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में होने वाले नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों के कारण तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने लीट (LEET) और पैट (PAT) प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव करने का निर्णय लिया है। पहले ये परीक्षाएं 17 मई और 24 मई को प्रस्तावित थीं, लेकिन अब इन्हें जून माह में आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है।

तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने नई परीक्षा तिथियों को लेकर प्रस्ताव तकनीकी शिक्षा निदेशालय को भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार चुनावी गतिविधियों के दौरान प्रशासनिक मशीनरी और शिक्षण संस्थानों की व्यस्तता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ी

बोर्ड ने परीक्षा स्थगित करने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे उन छात्रों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अभी तक आवेदन नहीं कर पाए थे।

अब तक पीएटी परीक्षा के लिए 4185 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि पिछले सत्र में लगभग 4000 सीटें उपलब्ध थीं। वहीं लीट परीक्षा के लिए 1748 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अधिकारियों के मुताबिक पीएटी की सीटों की अंतिम संख्या एआईसीटीई की मंजूरी के बाद तय होगी।

छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त तैयारी समय

परीक्षा तिथि आगे बढ़ने से हजारों अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। खासकर ग्रामीण इलाकों के छात्रों को इसका फायदा होने की उम्मीद है, जहां चुनावी माहौल के कारण पढ़ाई प्रभावित हो सकती थी।

चुनावी ड्यूटी में व्यस्त रहेंगे शिक्षक

प्रदेशभर में मई के दौरान स्थानीय निकाय और पंचायतीराज चुनाव प्रस्तावित हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों को चुनावी कार्यों में लगाया जाएगा। साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी चुनाव प्रक्रिया में लगाई जाएगी, जिसके चलते बोर्ड ने परीक्षाओं को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव अशोक पाठक ने बताया कि नई परीक्षा तिथियों की औपचारिक घोषणा निदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद जल्द की जाएगी।

अंग्रेजी शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी

इसी बीच हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने अंग्रेजी शिक्षक भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। 312 पदों के लिए हुई इस परीक्षा में 489 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार सफल उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 8 जून से शुरू होगी। विस्तृत शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा और उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से सूचना दी जाएगी।

ये भी पढ़ें…

बीटेक परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने भी जून में संभावित बीटेक ऑड और इवेन सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विद्यार्थी 20 मई तक परीक्षा फार्म भर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि केवल पात्र छात्रों को ही आवेदन की अनुमति दी जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें