
नई दिल्ली: देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही ऐसी सुविधा शुरू करने जा रहा है, जिससे कर्मचारी अपने PF खाते का पैसा ATM और UPI के जरिए निकाल सकेंगे। यह नई सुविधा मई के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। EPFO के अनुसार, संगठन के करीब 8 करोड़ सदस्य हैं। इनमें से 7.74 करोड़ से ज्यादा लोगों की आधार आधारित KYC पूरी हो चुकी है। साथ ही 82 लाख से अधिक पेंशनर भी EPFO से जुड़े हुए हैं।
EPFO ने पिछले साल “EPFO 3.0” नाम से नया डिजिटल सिस्टम शुरू किया था। इसका उद्देश्य PF से जुड़ी सेवाओं को आसान, तेज और पूरी तरह डिजिटल बनाना है। यह सिस्टम 2026 के मध्य तक पूरी तरह लागू होने की संभावना है। इस नए सिस्टम के आने के बाद PF निकालना, क्लेम करना और पैसे ट्रांसफर करना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
नई सुविधा के तहत सदस्य ATM से सीधे PF का पैसा निकाल सकेंगे। UPI के जरिए PF बैलेंस ट्रांसफर कर सकेंगे। ऑटो-क्लेम सेटलमेंट का फायदा मिलेगा। पैसा सीधे पसंदीदा बैंक खाते में ट्रांसफर होगा।
EPFO निकासी की एक सीमा तय करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, सदस्य अपने कुल PF बैलेंस का अधिकतम 50% तक ही ATM या UPI के जरिए निकाल सकेंगे।
EPFO अपने सदस्यों को एक खास ATM कार्ड जारी करेगा। यह कार्ड सीधे उनके PF खाते से लिंक रहेगा। इसके जरिए सदस्य किसी भी ATM से पैसा निकाल सकेंगे। इसके अलावा, UPI प्लेटफॉर्म के जरिए भी PF का पैसा ट्रांसफर किया जा सकेगा, जिससे प्रक्रिया और तेज हो जाएगी।
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। यूएएन (Universal Account Number) एक्टिव होना चाहिए। आधार, PAN और बैंक खाता UAN से लिंक होना चाहिए। KYC पूरी तरह अपडेट होनी चाहिए। IFSC कोड सही दर्ज होना चाहिए।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने हाल ही में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में EPFO ने 8.31 करोड़ क्लेम सेटल किए हैं, जो पिछले साल के 6.01 करोड़ क्लेम से काफी ज्यादा हैं। इनमें से 5.51 करोड़ क्लेम एडवांस या आंशिक निकासी के थे। 71% से ज्यादा एडवांस क्लेम सिर्फ 3 दिन के अंदर ऑटो मोड में प्रोसेस हुए।
6.68 करोड़ लोगों ने बिना चेक लीफ अपलोड किए क्लेम दायर किए। 70 लाख से ज्यादा ट्रांसफर क्लेम ऑटोमेटिक तरीके से प्रोसेस हुए। EPFO का यह नया कदम PF से जुड़ी सेवाओं को पहले से ज्यादा डिजिटल और आसान बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।