Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP NEWS : मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

May 9, 2026

UP NEWS : मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए कप्तानगंज पुलिस ने इनामी बदमाश शिवा विश्वकर्मा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बदमाश शिवा विश्वकर्मा को गढ़हा गौतम के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में गोली लगने के बाद बदमाश को गिरफ्तार लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा और एक बाइक बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि 2 मई को कल्याणपुर स्थित समय माता मंदिर के पास सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मृतक की पत्नी की तहरीर पर कप्तानगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों शिवम गुप्ता और ऋषभ मिश्रा उर्फ राज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से टूटा हुआ चाकू, पिकअप वाहन, खून से सना तौलिया और कपड़े बरामद किए गए थे।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। पूछताछ में उसने अन्य लोगों के शामिल होने की बात कबूली, जिसके बाद शिवा विश्वकर्मा की तलाश शुरू कर दी गई थी। पुलिस का कहना है कि हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया था ताकि पहचान छिपाई जा सके। फरार चल रहे मुख्य बदमाश शिवा विश्वकर्मा पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शिवा फरेंदा सेंगर गांव का निवासी बताया जा रहा है।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की पहचान की और अब मुख्य बदमाश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें