Today weather 14 May 2026: देशभर में बदलता मौसम एक ओर गर्मी से राहत लेकर आया है तो वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों का हाल बेहाल कर रही है, तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में मॉनसून की दस्तक ने मौसम में हलचल बढ़ा दी है। IMD ने आज देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में गर्मी के बीच राहत के संकेत
दिल्ली में कुछ दिनों से तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। हालात ऐसे हो गए थे कि पंखों की हवा भी राहत देने के बजाय गर्म महसूस हो रही थी। बीते दिन कुछ हिस्सों में हुई हल्की बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। IMD के अनुसार 14 से 16 मई तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। आज भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें- Rashifal: कैसा रहेगा 12 राशियों के लिए आज का दिन? पढ़ें दैनिक राशिफल
यूपी में बारिश और तूफान का खतरा
उत्तर प्रदेश के मौसम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बीते दिन राज्य के बदायूं, फतेहपुर, भदोही और सोनभद्र जिलों में आए तेज तूफान और भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में 31 लोगों की मौत हो गई।
बिहार में 17 मई तक का अलर्ट
बिहार में भी मौसम के अचानक करवट बदलने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से 14 से 17 मई तक राज्यभर में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है।
पहाड़ों पर बारिश से बढ़ी ठंडक
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम सुहावना बना हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, मसूरी और पिथौरागढ़ में आज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, धर्मशाला और कुल्लू में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 14 मई 2026
राजस्थान में जारी रहेगा लू का कहर
एक ओर जहां देश के कई हिस्सों में बारिश राहत लेकर आ रही है, वहीं राजस्थान में लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है। मौसम विभाग ने राज्यभर में लू चलने की चेतावनी जारी कर दी है। जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।