Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

आम आदमी को लगा बड़ा झटका, देश भर में बढ़ें पेट्रोल-डीजल के दाम…जानिए बड़े शहरों में नई दर

May 15, 2026

आम आदमी को लगा बड़ा झटका, देश भर में बढ़ें पेट्रोल-डीजल के दाम…जानिए बड़े शहरों में नई दर

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पूरे देश में करीब दो साल बाद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अब पेट्रोल और डीजल दोनों ही ₹3 प्रति लीटर महंगे हो गए हैं। नए दाम 15 मई से लागू कर दिए गए हैं। इसके साथ ही कई बड़े शहरों में CNG की कीमत भी ₹2 प्रति किलो तक बढ़ गई है। वहीं, नई दिल्ली में, पेट्रोल की कीमतें 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई, जबकि डीजल की कीमतें 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई।

क्यों बढ़ाए गए पेट्रोल-डीजल के दाम?
सरकार और तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। पश्चिम एशिया में तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण क्रूड ऑयल के दाम तेजी से बढ़े हैं। पहले कच्चा तेल लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल था, लेकिन अब इसकी कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। जब कच्चे तेल के दाम बढ़ते हैं तो तेल कंपनियों को पेट्रोल और डीजल तैयार करने और बेचने में ज्यादा खर्च आता है। इसी वजह से कंपनियों ने अपने नुकसान की भरपाई करने के लिए ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। अगर आने वाले समय में कच्चे तेल की कीमतें और बढ़ती हैं, तो पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।

 

मार्च 2024 से नहीं बदले थे दाम
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें मार्च 2024 से लगातार स्थिर बनी हुई थीं। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सरकार ने जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल के दाम ₹2 प्रति लीटर कम किए थे। हालांकि नियमों के अनुसार तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर रोजाना दाम बदल सकती हैं। लेकिन राजनीतिक और आर्थिक कारणों से लंबे समय तक कीमतों में बदलाव नहीं किया गया।

तेल कंपनियों को हो रहा था भारी नुकसान
सरकारी तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम लगातार घाटे में चल रही थीं। पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा के अनुसार, इन कंपनियों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी बेचने पर हर महीने लगभग ₹30,000 करोड़ का नुकसान हो रहा था। इसी नुकसान को कम करने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है।

CNG भी हुई महंगी
पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ CNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब CNG ₹79.09 प्रति किलो मिलेगी। कई दूसरे शहरों में भी CNG के दाम ₹2 प्रति किलो तक बढ़ाए गए हैं। इसका असर ऑटो, टैक्सी और CNG गाड़ियों से सफर करने वाले लोगों पर भी पड़ेगा।

देश के प्रमुख शहरों में नए दरें लागू
पेट्रोल की कीमतें :
नई दिल्ली – 97.77 प्रति लीटर
कोलकाता – 108.70 प्रति लीटर
मुंबई – 106.68 प्रति लीटर
चेन्नई – 103.67 प्रति लीटर
गुड़गांव – 98.47 प्रति लीटर
नोएडा – 97.78 प्रति लीटर
बेंगलुरु – 106.21 प्रति लीटर
भुवनेश्वर – 104.19 प्रति लीटर
चंडीगढ़ – 97.27 प्रति लीटर
हैदराबाद – 110.89 प्रति लीटर
जयपुर – 107.97 प्रति लीटर
लखनऊ – 97.55 प्रति लीटर
पटना – 108.55
तिरुवनंतपुरम – 110.58

डीजल की कीमतें:
नई दिल्ली – 90.67 प्रति लीटर
कोलकाता – 95.13 प्रति लीटर
मुंबई – 93.14 प्रति लीटर
चेन्नई – 95.25 प्रति लीटर
गुड़गांव – 90.94 प्रति लीटर
नोएडा – 91.02 प्रति लीटर
बेंगलुरु – 94.10 प्रति लीटर
भुवनेश्वर – 95.74 प्रति लीटर
चंडीगढ़ – 85.25 प्रति लीटर
हैदराबाद – 98.96 प्रति लीटर
जयपुर – 93.23 प्रति लीटर
लखनऊ – 90.82 प्रति लीटर
पटना – 94.63
तिरुवनंतपुरम – 99.35

पीएम मोदी ने ईंधन बचाने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए देश को ईंधन की बचत करनी चाहिए। जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल का उपयोग करना चाहिए। पीएम के मुताबिक इससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और अंतरराष्ट्रीय संकट का असर भी कम पड़ेगा।

आम लोगों पर क्या पड़ेगा असर?
पेट्रोल और डीजल महंगे होने का असर सिर्फ वाहन चलाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा।

  • ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ेगा
  • फल-सब्जी और जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं
  • बस और टैक्सी किराए बढ़ सकते हैं
  • महंगाई बढ़ने की संभावना है

यानी आने वाले दिनों में आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें