
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर में विद्यार्थियों की ओर से पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित दो पीड़ित छात्रों ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की।
मौके पर मौजूद विद्यार्थियों एवं साथियों ने उन्हें रोकते हुए स्थिति को संभाला। छात्र युधिष्ठिर धनखड़ ने बताया कि थाना धारूहेड़ा के थाना प्रभारी-SHO कश्मीर सिंह अपने साथ लगभग छह पुलिसकर्मियों को लेकर बिना विश्वविद्यालय प्रशासन की अनुमति के विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे। विद्यार्थियों द्वारा जब इसका विरोध किया गया तो थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों के साथ गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और बदसलूकी की।
विद्यार्थियों को अपमानजनक शब्द कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। इससे पूरे परिसर में भय और रोष का वातावरण बन गया। छात्र नेता विनीत ने कहा कि पुलिस प्रशासन बिना किसी पूर्व सूचना और बिना विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराए विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर गया, जो कि विश्वविद्यालय की स्वायत्तता एवं विद्यार्थियों के अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की पुलिस कार्रवाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।
Also Read :