शिमला : हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के बीच हथियार जमा न करवाने वाले लोगों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। शिमला पुलिस ने लाइसेंस धारी शस्त्र धारकों को हथियार जमा करवाने के आदेश जारी किए थे। इनमें से 90 प्रतिशत लाइसेंस धारकों की ओर हथियार जमा करवा दिए, लेकिन 10 फीसदी शस्त्र धारकों की ओर से हथियार जमा नहीं करवाए गए। शिमला पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहड़ू और चिढग़ांव थाना के तहत बचे हुए शस्त्र धारकों की ओर से हथियार जमा नहीं करवाए गए हैं।
ऐसे में शिमला पुलिस ने रोहड़ू एवं चिढग़ांव थाना के तहत इस मामले में 2 एफआईआर दर्ज की गई हैं। ये दोनों एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (बी) और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज की गई हैं। ऐसे में अब इनके खिलाफ शिमला पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शिमला पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी लाइसेंसधारी शस्त्र धारकों को अपने हथियार पुलिस थाना, पुलिस चौकी अथवा अधिकृत गन हाउस में जमा करवाने के निर्देश जारी किए गए थे, जिसकी अनुपालना में 90 फीसदी से ज्यादा हथियारों को जमा किया जा चुका है।
अभिलेखों के अनुसार पुलिस थाना रोहड़ू और चिढग़ांव क्षेत्र में कुछ लाइसेंसी हथियार जमा नहीं कराए गए। बार-बार सूचना एवं प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद कुछ लाइसेंसधारकों द्वारा अपने हथियार जमा नहीं करवाए गए, जो जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेशों की अवहेलना है। ऐसे में रोहड़ू एवं चिढग़ांव थाना के तहत 2 मामले दर्ज किए गए हैं। इन दोनों मामलों में जांच जारी है। मामलों की जांच जारी है।