Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

BYJU’S के फाउंडर को हुई 6 महीने की जेल, जानें कैसे अरबपति से कंगाल हुए Byju Raveendran

May 27, 2026

BYJU’S के फाउंडर को हुई 6 महीने की जेल, जानें कैसे अरबपति से कंगाल हुए Byju Raveendran

बिजनेस डेस्क: भारत की चर्चित एडटेक कंपनी BYJU’S के संस्थापक Byju Raveendran को सिंगापुर की अदालत से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उन्हें 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। कोर्ट का कहना है कि उन्होंने अप्रैल 2024 से जुड़े कई अदालती आदेशों का पालन नहीं किया और बार-बार नियमों का उल्लंघन किया। इसी वजह से अदालत ने उनके खिलाफ सख्त फैसला सुनाया।

क्या है मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंगापुर की अदालत ने बायजू रवींद्रन को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने का आदेश दिया था। ये दस्तावेज बीयर इन्वेस्टको प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी के कानूनी स्वामित्व से जुड़े थे, जिसके पास संबंधित इकाई में शेयर मौजूद हैं। अदालत ने यह भी कहा कि रवींद्रन अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करें। इसके अलावा कोर्ट ने उन पर 90 हजार सिंगापुर डॉलर (करीब 70 हजार अमेरिकी डॉलर) का कानूनी खर्च भी लगाया है, जिसे उन्हें चुकाना होगा।

ये भी पढ़ें: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने योगी सरकार को बताया फेल, कहा- डरा-धमकाकर…

कभी अरबों डॉलर की थी कंपनी

एक समय ऐसा था, जब BYJU’S भारत के सबसे बड़े स्टार्टअप्स में गिनी जाती थी। कोरोना काल के दौरान कंपनी की तेजी से ग्रोथ हुई थी और इसकी वैल्यूएशन आसमान छूने लगी थी। साल 2022 में कंपनी की वैल्यूएशन करीब 22 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी, लेकिन बाद में कंपनी को वित्तीय समस्याओं, निवेशकों के विवाद और कर्मचारियों की छंटनी जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बाद ग्लोबल निवेश कंपनी BlackRock ने BYJU’S की वैल्यूएशन घटाकर करीब 1 अरब डॉलर कर दी।

नेटवर्थ भी हुई खत्म

फोर्ब्स की 2024 बिलेनियर लिस्ट के अनुसार, अप्रैल 2023 में बायजू रवींद्रन की नेटवर्थ लगभग 2.1 अरब डॉलर यानी करीब 17 हजार करोड़ रुपये थी। लेकिन कंपनी की हालत बिगड़ने के बाद उनकी संपत्ति में भारी गिरावट आई। हालात इतने खराब हो गए कि कंपनी के शेयरधारकों ने उन्हें CEO पद से हटाने के लिए वोटिंग भी की। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ लगभग शून्य मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें: आलिया भट्ट के साथ एक्शन करते हुए नजर आएंगे बॉबी देओल, एक्टर ने शेयर किया अपना अनुभव

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें