Swiggy Instamart Layoffs: देश की प्रमुख ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों में शामिल स्विगी अपने क्विक कॉमर्स बिजनेस इंस्टामार्ट में बड़े स्तर पर बदलाव करने जा रही है। कंपनी करीब 340 कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी में है। इस फैसले के पीछे लागत घटाने, बिजनेस को अधिक प्रभावी बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की रणनीति बताई जा रही है।
इंस्टामार्ट के किन कर्मचारियों पर गिरेगी गाज?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर इंस्टामार्ट की कॉर्पोरेट और सपोर्ट फंक्शन से जुड़ी टीमों पर पड़ सकता है। कंपनी अपने मौजूदा ऑपरेशन का पुनर्गठन कर रही है, ताकि कम लागत में बेहतर कामकाज किया जा सके।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रभावित कर्मचारियों को राहत देने के लिए स्विगी सेवरेंस पैकेज, आउटप्लेसमेंट सपोर्ट और जरूरत पड़ने पर रिलोकेशन की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस छंटनी को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
AI पर बढ़ेगा फोकस, लागत कम करना मकसद
स्विगी का यह कदम ऐसे समय आया है, जब कंपनियां अपने कामकाज में AI और ऑटोमेशन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा रही हैं। माना जा रहा है कि स्विगी भी अपनी कार्यप्रणाली को अधिक तकनीक आधारित बनाकर परिचालन खर्च कम करना चाहती है।
क्विक कॉमर्स में बढ़ती प्रतिस्पर्धा बनी चुनौती
इंस्टामार्ट को ब्लिंकिट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ जैसी कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है। बाजार में अपनी हिस्सेदारी बनाए रखने के लिए स्विगी को लगातार निवेश और विस्तार करना पड़ रहा है।