करनाल। बाल राजपूताना गांव के 24 वर्षीय युवक गौरव की अमेरिका में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह युवक डंकी रूट से विदेश गया था। अब परिवार उसका शव मंगाने के लिए लगा रहा गुहार।
इस घटना की सूचना गांव में पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और उनके बुढ़ापे का एकमात्र सहारा था। गौरव के पिता रामपाल, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ने बताया कि उनका बेटा दो साल पहले 12वीं की परीक्षा देने के बाद अवैध तरीके के रास्ते अमेरिका गया था। पहले वह वहां किसी स्टोर पर काम करता था और दो दिन पहले ही उसने गाड़ी चलाने का काम शुरू किया था।
पिता ने बताया कि आज सुबह 8 बजे ही गौरव से बात हुई थी। उसने घर का हालचाल पूछा और नए मकान के बनने के बारे में चर्चा की। गौरव अपना मकान बनवा रहा है। उसका परिवार अभी भाई के मकान में रह रहा है। इसी दिन शाम साढ़े चार बजे अमेरिका की पुलिस का फोन आया। भाषा समझ में न आने पर रामपाल ने बेटे के दोस्त संदीप को फोन दिया, जिसने बात कर गौरव की मौत की दुखद खबर दी। अब पिता ने सरकार से गुहार लगाई है कि उन्हें बेटे का अंतिम संस्कार करना है। इसलिए उनके बेटे का शव गांव लाया जाए।
Also Read :