इंटरनेशनल डेस्क: तुर्किये के पश्चिमी हिस्से में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक यात्री बस सड़क किनारे लगे गार्ड रेल से टकरा गई, जिसके बाद उसमें अचानक आग लग गई। इस हादसे में 8 लोगों की जान चली गई और 33 अन्य लोग घायल हो गए।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह बस पर्यटन कंपनी पामुक्कले टूरिज्म की थी। दुर्घटना रविवार सुबह करीब 1:40 बजे देनिजिली प्रांत में हुई। बस इजमिर शहर से भूमध्यसागरीय तट पर स्थित अंताल्या शहर की ओर जा रही थी।
हादसे के समय बस में 38 यात्री और चालक दल के 3 सदस्य सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों में बस का 50 वर्षीय चालक भी शामिल है। इसके अलावा एक 9 महीने के मासूम बच्चे और उसके पिता की भी इस हादसे में मौत हो गई। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में बस पूरी तरह जली हुई दिखाई दे रही है। इतनी भयंकर थी कि बस का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया।
बता दें शनिवार को तुर्किये में मनाए जाने वाले ईद-अल-अजहा पर्व का अंतिम दिन था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों से मिलने और छुट्टियां बिताने के लिए यात्रा करते हैं। इसी वजह से त्योहारों के समय देश में सड़क यातायात बढ़ जाता है और दुर्घटनाओं की घटनाएं भी अधिक देखने को मिलती हैं।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस के सुरक्षा अवरोधकों से टकराने के बाद आग लगने से यह बड़ा हादसा हुआ।
मेष: दिन शुभ रहेगा...