Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह, तोड़ेंगे सचिन तेंदुलकर का ये रिकॉर्ड

June 6, 2026

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह, तोड़ेंगे सचिन तेंदुलकर का ये रिकॉर्ड

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। पहले से ही लग रहा था कि वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिलेगी। क्रिकेट प्रेमियों का ये अंदाजा सही साबित हुआ।

14 मैचों में बनाए थे 776 रन

एशियन गेम्स की टीम में भी वैभव को जगह मिल गई है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह की बल्लेबाजी बीते दो साल में दिखाई है उसे देखते हुए ही उनके नाम के कयास लगाए जा रहे थे। माना जा रहा था कि सेलेक्टर्स की उन पर पैनी नजर है। अब उनका टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना सच होता दिख रहा है। वह टीम इंडिया में आ गए हैं। वैभव ने पिछले साल अपना आईपीएल डेब्यू किया था और सात मैचों में 252 रन बनाए थे। आईपीएल-2026 में तो उन्होंने कमाल ही कर दिया और 14 मैचों में 776 रन बनाए। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और ऑरेंज कैप भी जीती।

237.31 की स्ट्राइक रेट से बनाए थे रन

उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले थे। उन्होंने 237.31 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। इस सीजन वैभव ने हर बड़े गेंदबाज को अपना निशाना बनाया था और जमकर कुटाई की थी फिर चाहे सामने जसप्रीत बुमराह आए हों या जोश हेजलवुड या पैट कमिंस। वैभव ने किसी को नहीं छोड़ा। वैभव को श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में जगह मिली है। अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम का कप्तान बनाया है। अब देखना ये होगा कि वह वैभव को ओपनर के तौर पर मौका देते हैं या नहीं। इसका कारण ये है कि टीम के पास पहले से ही अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे ओपनर हैं।

जानें, क्या है सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड

अगर वैभव को मौका मिलता है तो वह सचिन तेंदुलकर का भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया था। वैभव अभी 15 साल के ही हैं। हालांकि टीम में आने के साथ ही वैभव ने सचिन का एक रिकॉर्ड तो तोड़ दिया है। वह सबसे कम उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

Also Read :

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें