
नेशनल डेस्कः सिक्किम और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। गंगटोक से सिलीगुड़ी जा रहे एक ही परिवार के 4 सदस्यों के शव तीस्ता नदी में डूबी कार से बरामद किए गए हैं।
ये भी पढे़ं :-
मरने वालों की पहचान
मृतकों की पहचान स्मारिका न्यौपाने (28), सैब्या न्यौपाने (27), जीका दहल (27) और 5 वर्षीय दित्या छेत्री के रूप में हुई है। यह परिवार पूर्वी सिक्किम के काबी लुंगचोक (लिंगडोक) का निवासी था। परिवार 5 जून को अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदारों से मिलने सिलीगुड़ी के लिए रवाना हुआ था। परिवार से आखिरी बार 5 जून की शाम राम्बी क्षेत्र के पास संपर्क हुआ था।
मलबे से मिला अहम सुराग
इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। 6 जून को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद NDRF, SDRF, पश्चिम बंगाल पुलिस और स्थानीय बचाव दलों ने व्यापक खोज अभियान शुरू किया। इस अभियान में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्टा और समाजसेवी विक्रम राय ने भी सहयोग किया। तलाशी के दौरान बाघपुल के निकट भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से कार की बैटरी और बंपर बरामद हुए, जिसके बाद खोज अभियान का दायरा तीस्ता नदी तक बढ़ा दिया गया।
नदी की गहराई से निकाले गए शव
शनिवार शाम भारी बारिश और तेज बहाव के बीच बचाव दलों को नदी में डूबी कार का पता चला। हालांकि, खराब मौसम और अंधेरे के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह तड़के दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में कार के भीतर से चारों शव सुरक्षित बाहर निकाले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भारी बारिश, भूस्खलन और NH-10 की जर्जर स्थिति इस हादसे के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
पूरे सिक्किम में शोक
इस हादसे ने पूरे सिक्किम को स्तब्ध कर दिया है। मृतकों में शामिल तीनों वयस्क सरकारी कर्मचारी थे। स्मारिका न्यौपाने एसटीएनएम अस्पताल में नर्सिंग लेक्चरर थीं, सैब्या न्यौपाने संस्कृति विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं, जबकि जीका दहल बागवानी विभाग में सेवाएं दे रही थीं। एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मृत्यु से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
ये भी पढे़ं :-