रोम : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि यदि मौजूदा संकट का समाधान नहीं निकलता और ईरान अपने रुख पर कायम रहता है, तो यूरोपीय संघ को उस पर नए प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार रहना चाहिए। संसद को संबोधित करते हुए मेलोनी ने कहा कि मध्य पूर्व में स्थिरता और तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर ईरान पर अतिरिक्त लक्षित प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति, व्यापारिक मार्गों और वैश्विक सुरक्षा पर पड़ सकता है। साथ ही, सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत को प्राथमिकता देने की अपील की। मेलोनी ने इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर की इटली को लेकर की गई टिप्पणियों की भी आलोचना करते हुए कहा कि सहयोगी देशों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक संवाद में सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।