
Road accident UAE News: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सड़क पर चल रही कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई गाड़ियों में आग लगने से हालात और भी गंभीर हो गए।
फुजैराह के एंट्री गेट के पास हुआ हादसा
यह हादसा UAE के फुजैराह अमीरात के एंट्री गेट के पास एक सड़क पर हुआ। गृह मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, घटना आधी रात के आसपास हुई। बताया गया है कि एक ट्रक सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक अचानक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक पहले सड़क पर चल रहे एक दूसरे वाहन से टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलट गया और सड़क पर आगे बढ़ गया।
ट्रैफिक जाम में खड़ी कई गाड़ियों को मारी टक्कर
ट्रक पलटने के बाद सड़क पर लगे ट्रैफिक जाम में रुकी कई गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
टक्कर के बाद कई गाड़ियों में लगी आग
हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास मौजूद कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के कारण स्थिति काफी गंभीर हो गई और लोगों को बाहर निकालने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
14 लोगों की मौत, करीब 30 घायल
गृह मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, इस भीषण हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से लगभग आधे लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, बाकी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। कुछ लोगों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
मृतकों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल
इस हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत की खबर ने भारत में भी चिंता बढ़ा दी है। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वालों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि मृतकों के परिवारों से संपर्क किया गया है। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद और सहयोग देने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार बातचीत की जा रही है। मृतकों की पहचान करने के लिए DNA टेस्ट भी करवाए गए हैं, ताकि शवों की सही पहचान की जा सके और उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाया जा सके।
कई देशों के नागरिक भी हादसे में घायल
इस दुर्घटना में सिर्फ भारतीय ही नहीं, बल्कि कई अन्य देशों के नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, घायलों में UAE, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। वहीं, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
भारतीय वाणिज्य दूतावास परिवारों के संपर्क में
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा है कि वह प्रभावित भारतीय परिवारों के लगातार संपर्क में है। स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर मृतकों की पहचान, पार्थिव शरीर को भारत भेजने और परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस हादसे के बाद UAE में रहने वाले भारतीय समुदाय में भी चिंता का माहौल है।
इससे पहले भी UAE में घायल हुए थे भारतीय
गौरतलब है कि इससे पहले मई महीने में भी UAE में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया था। उस दौरान ईरान के हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए थे। इस घटना की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी निंदा की थी। फिलहाल फुजैराह में हुए इस भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर UAE में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।