ढाका : हवाई अड्डे से घर लौट रहे बंगलादेश टीम के क्रिकेटर नइम हसन के साथ स्थानीय पुलिस द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात चट्टोग्राम में क्रिकेटर नइम हसन के साथ पुलिस ने उस समय मारपीट की जब वह ढाका हवाई अड्डे से घर लौट रहे थे। पुलिस वालों ने शहर के लालखान बाजारर इलाके के पास उस ऑटो-रिक्शा को रोका जिसमें वे सवार थे। नइम ने बताया कि अधिकारियों ने आक्रामक रूख अख्तियार करते हुए उनका गला पकड़ा और उन्हें दूसरे ऑटो-रिक्शा में धकेलकर पुलिस स्टेशन ले जाने लगे।
वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वे एक राष्ट्रीय क्रिकेटर हैं, लेकिन पुलिस ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। नइम ने बाद में चट्टोग्राम में कहा, मैंने उन्हें बार-बार बताया कि मैं कौन हूं, लेकिन उन्होंने सुनने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मुझे लाठियों और प्लास्टिक के पाइपों से बेरहमी से पीटा। बाद में जब मैंने पुलिस स्टेशन में अपनी पहचान बताई, तो इंचार्ज अफसर ने मुझसे बात करते समय नजरें नीचे रखने को कहा। अगर वे सच में पुलिस अफ़सर थे, तो उन्होंने मुझे पुलिस की गाड़ी के बजाय ऑटो में बिठाने की कोशिश क्यों की? मैं इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय चाहता हूं।