एंटरटेनमेंट डेस्क : अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन को छह साल पूरे हो चुके हैं। बता दें कि 14 जून 2020 को उनके अचानक निधन ने फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरा सदमा दिया था। उनकी छठी पुण्यतिथि के मौके पर आज भी फैंस और परिवार उन्हें भावुक होकर याद कर रहे हैं।
इस खास अवसर पर उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने अपने भाई की पुरानी यादों, उनके विचारों और जीवन के प्रति उनके नजरिए को याद करते हुए कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं, जिनमें उन्होंने सुशांत को प्यार से ‘राम’ के रूप में संबोधित किया है।
श्वेता सिंह कीर्ति का भावुक संदेश
श्वेता ने अपनी पोस्ट में लिखा कि समय बीत जाने के बाद भी सुशांत की यादें और उनके विचार आज भी उतने ही ताजा हैं। उन्होंने बताया कि सुशांत को हमेशा नई चीजें जानने की इच्छा रहती थी और उन्हें जीवन, ब्रह्मांड और लोगों की भावनाओं को समझने में बहुत रुचि थी।
उन्होंने यह भी कहा कि सुशांत हमेशा सभी के साथ सम्मान और विनम्रता से पेश आते थे। उनके अनुसार, सफलता तभी अच्छी मानी जाती है जब उसके साथ दया और अच्छाई भी जुड़ी हो।
View this post on Instagram
बता दें कि अपनी पोस्ट में श्वेता ने यह भी लिखा कि सच्चा प्रेम समय और परिस्थितियों से परे होता है। भले ही व्यक्ति शारीरिक रूप से मौजूद न हो, लेकिन उसके विचार और मूल्य हमेशा दूसरों के जीवन में जीवित रहते हैं।
“सबसे बड़ी श्रद्धांजलि उनके मूल्यों को अपनाना है”…
श्वेता ने अंत में कहा कि सुशांत को सच्ची श्रद्धांजलि उदासी नहीं, बल्कि उनके दिखाए गए मार्ग को अपनाना है। उन्होंने लोगों से दयालु बनने, सपने देखने और लगातार सीखते रहने की अपील की।
सुशांत सिंह राजपूत का करियर और योगदान
सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया, जिनमें छिछोरे, काई पो चे,एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी और डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी आखिरी फिल्म दिल बेचारा 2020 में उनके निधन के बाद रिलीज हुई थी।