Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

खत्म हुआ इंतजार! नोएडा एयरपोर्ट से शुरू हुईं उड़ानें, लखनऊ से आई पहली फ्लाइट

June 15, 2026

खत्म हुआ इंतजार! नोएडा एयरपोर्ट से शुरू हुईं उड़ानें, लखनऊ से आई पहली फ्लाइट

नेशनल डेस्क: आज से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नियमित यात्री उड़ानों की शुरुआत हो गई है। सुबह लखनऊ से यात्रियों को लेकर इंडिगो की पहली निर्धारित फ्लाइट नोएडा एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक उतरी। इसके साथ ही लंबे समय से चल रहा इंतजार खत्म हो गया और एयरपोर्ट ने व्यावसायिक संचालन की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा लिया।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-2278 सुबह करीब 8:05 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद सुबह 8:30 बजे एयरपोर्ट से पहली उड़ान रवाना की गई। इस विशेष उड़ान में उन किसानों और श्रमिकों को शामिल किया गया, जिन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन दी या निर्माण कार्य में योगदान दिया। कुल 170 किसान और कामगार इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बने। इन यात्रियों को लेकर उड़ान लखनऊ जाएगी, जहां उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रस्तावित है। मुलाकात के बाद सभी लोग शाम को वापस नोएडा लौटेंगे।

बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद से ही लोगों को यहां से नियमित उड़ानें शुरू होने का इंतजार था। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, लखनऊ से आने वाली पहली फ्लाइट के उतरने के बाद वही विमान यात्रियों को लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलेगा और राज्य को अंतरराष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

शुरुआती चरण में यहां से देश के लगभग 45 शहरों के लिए करीब 65 नियमित उड़ानें संचालित की जाएंगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन तथा निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2021 को किया था। एयरपोर्ट के निर्माण का जिम्मा स्विट्जरलैंड की कंपनी Zurich Airport International AG को दिया गया था। पहले चरण में लगभग 1,334 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।

परियोजना के सभी चार चरण पूरे होने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल होगा और दुनिया के प्रमुख एयरपोर्ट्स में अपनी जगह बनाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में उत्तर भारत के लिए एक महत्वपूर्ण एविएशन हब बनकर उभरेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें