Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

फीफा वर्ल्ड कप: कोलंबिया ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर जीत के साथ किया आगाज

June 18, 2026

फीफा वर्ल्ड कप: कोलंबिया ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर जीत के साथ किया आगाज

कोलंबिया ने फीफा वर्ल्ड कप में अपनी वापसी का जश्न मेक्सिको सिटी स्टेडियम में डेब्यू कर रहे उज्बेकिस्तान पर 3-1 की रोमांचक जीत के साथ मनाया। ग्रुप (के) के मुकाबले में कोलंबिया की ओर से लुइस डियाज ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने एक गोल करने के साथ-साथ एक असिस्ट ( गोल करने में मदद) भी किया।

2022 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाने के बाद टूर्नामेंट में लौटी कोलंबिया का रिकॉर्ड इस मुकाबले से पहले विश्व कप के पहले मैचों में खराब रहा था। कोलंबिया ने अब तक छह वर्ल्ड कप खेले हैं, लेकिन उनमें से चार बार उसे अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा था।

मैच के शुरुआती पलों में दोनों टीमों की तरफ से अटैकिंग अप्रोच देखने को मिली। कोलंबिया को 17वें मिनट में पहला बड़ा मौका मिला, जब जॉन एरियास का लंबी दूरी का शॉट साइड नेटिंग से टकराया। इसके बाद 32वें मिनट में लुइस डियाज ने शानदार मूव बनाया और डेनियल मुनोज के लिए गोल करने का बेहतरीन मौका तैयार किया। मुनोज ने बेहतरीन फिनिश करते हुए कोलंबिया को 1-0 की बढ़त दिला दी।

ये भी पढ़ें–   https://dainiksaveratimes.com/sports/india-vs-germany-fih-pro-league/

पहले हाफ के अंत तक कोलंबिया का दबदबा बना रहा, लेकिन उज्बेकिस्तान की ओर से लड़ाई जारी रही। दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान ने जोरदार वापसी की। दोस्तोनबेक खामदामोव के प्रयास और एल्डोर शोमुर्दोव के क्रॉस के बाद अब्बोसबेक फैज़ुल्लाएव ने हेडर लगाकर शानदार गोल दागा। यह उज्बेकिस्तान के इतिहास का पहला वर्ल्ड कप गोल रहा। इस गोल के साथ ही उज्बेकिस्तान ने स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।

हालांकि, कोलंबिया ने तुरंत जवाब दिया। स्टार खिलाड़ी लुइस डियाज ने नीचे की तरफ बेहतरीन शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर उतकिर युसुपोव पूरी तरह नहीं रोक सके और गेंद गोल लाइन पार कर गई। इस गोल के साथ कोलंबिया ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। यह डियाज का पहला वर्ल्ड कप गोल भी रहा।

मैच के अंतिम मिनटों में उज्बेकिस्तान बराबरी की कोशिश करता रहा, लेकिन कोलंबिया के डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। इंजरी टाइम में कुचो हर्नांडेज ने दाईं ओर से शानदार खेल दिखाते हुए गेंद जैमिंटन कैम्पाज को पास की। कैम्पाज ने शानदार हेडर के जरिए तीसरा गोल कर कोलंबिया टीम की जीत पक्की कर दी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें