Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

लंदन में दो यात्री ट्रेनों की भीषण टक्कर, ड्राइवर की मौत, 80 से अधिक लोग घायल

June 20, 2026

लंदन में दो यात्री ट्रेनों की भीषण टक्कर, ड्राइवर की मौत, 80 से अधिक लोग घायल

इंटरनेशनल डेस्क: ब्रिटेन की राजधानी लंदन के पास शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। बेडफोर्ड इलाके में दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं, जिससे एक ट्रेन चालक की मौत हो गई और 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे हुआ। दोनों ट्रेनें लंदन के सेंट पैनक्रास स्टेशन की ओर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि एक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी थी, तभी पीछे से आ रही दूसरी ट्रेन उससे टकरा गई। हालांकि ट्रेन की रफ्तार बहुत अधिक नहीं थी, लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि बड़ी संख्या में यात्री घायल हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में 11 लोगों की हालत बेहद गंभीर है और 22 अन्य यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। बाकी घायलों का इलाज आसपास के अस्पतालों में किया जा रहा है।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

टक्कर के तुरंत बाद ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग अपनी सीटों से उछलकर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस टीमों को भेजा गया। एयर एम्बुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जो ट्रेन चालक बताया जा रहा है। साथ ही कई लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है। घटना को बड़ी आपदा घोषित कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई हादसे की आपबीती

हादसे के समय पीछे वाली ट्रेन में यात्रा कर रहे पीटर नैप नामक यात्री ने बताया कि टक्कर से पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई थी। अचानक जोरदार झटका लगा और लोग आगे की ओर गिर गए। टक्कर के बाद ट्रेन में धुआं दिखाई देने लगा। कई यात्री रो रहे थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे। कुछ लोगों के पैर और हाथ टूट गए थे, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल थे। पीटर ने बताया कि वह दरवाजे के पास बने छोटे से गैप से किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इनमें दर्जनों यात्री रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े और बैठे दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों के हाथ और सिर पर पट्टियां बंधी हुई थीं, जबकि कई लोग सदमे में नजर आए। रेलवे कर्मचारियों के संगठन आरएमटी यूनियन ने भी घटना पर चिंता जताई है। यूनियन ने कहा कि हादसे में यात्रियों के साथ-साथ रेलवे स्टाफ को भी गंभीर चोटें लगी हैं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।

 

कई ट्रेन सेवाएं रद्द

ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे ने बताया कि कॉर्बी से सेंट पैनक्रास जा रही ट्रेन की टक्कर नॉटिंघम से आ रही दूसरी ट्रेन से हुई थी। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से शुक्रवार को सेंट पैनक्रास स्टेशन आने-जाने वाली सभी ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गईं। रेलवे प्रशासन ने कहा कि अगले दिन की सेवाओं के बारे में स्थिति की समीक्षा के बाद फैसला लिया जाएगा।

प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने जताया दुख

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बेडफोर्ड के पास हुई ट्रेन दुर्घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने राहत और बचाव कार्य में जुटी इमरजेंसी सर्विस की टीमों की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई कर कई लोगों की मदद की है।

यह हादसा हाल के वर्षों में ब्रिटेन की सबसे गंभीर रेल दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें