
23rd installment of Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi : उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य के 2.17 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 23वीं किस्त के पैसे भेजे जाएंगे। इसके तहत कुल 4352.40 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी करेंगे किस्त जारी
यह किस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी की जाएगी। कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित होगा। यहां से पीएम मोदी देशभर के किसानों के खातों में पैसा ट्रांसफर करेंगे।
हर साल मिलती है 6 हजार रुपये की सहायता
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है और सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
योजना से अब तक कितना लाभ मिला
उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार अब तक 22वीं किस्त तक किसानों को कुल 99032.58 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। 23वीं किस्त जारी होने के बाद यह राशि बढ़कर लगभग 103391.24 करोड़ रुपये हो जाएगी।
देशभर के किसानों को भी मिलेगा लाभ
इस बार देशभर के करीब 9.44 करोड़ किसानों को इसका लाभ मिलेगा। कुल मिलाकर किसानों के खातों में लगभग 18880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
झांसी में कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे किसानों से जुड़ेंगे और पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यूपी एग्रीज परियोजना के खरीफ संस्करण का भी शुभारंभ करेंगे।