Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

डेलावेयर के गवर्नर का बड़ा ऐलान- 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस किया घोषित

June 21, 2026

डेलावेयर के गवर्नर का बड़ा ऐलान- 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस किया घोषित

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के डेलावेयर राज्य के गवर्नर मैथ्यू मेयर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष घोषणा जारी करते हुए लोगों से स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है।

गवर्नर मेयर ने अपनी घोषणा में बताया कि योग की शुरुआत भारत में हजारों साल पहले हुई थी और यह दुनिया की सबसे प्राचीन स्वास्थ्य परंपराओं में से एक है। योग लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में मदद करता है तथा जीवन में सकारात्मकता लाने का कार्य करता है। नियमित योगाभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ता है, मांसपेशियां मजबूत होती हैं और मानसिक तनाव को कम करने में सहायता मिलती है। इसके अलावा योग भावनात्मक संतुलन बनाए रखने और मानसिक शांति प्राप्त करने का भी एक प्रभावी तरीका है।

गवर्नर ने आधिकारिक रूप से घोषणा करते हुए कहा कि 21 जून 2026 को डेलावेयर राज्य में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने राज्य के नागरिकों से योग के लाभों को समझने और इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी है ताकि दुनिया भर के लोगों को योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों के प्रति जागरूक किया जा सके।

डेलावेयर में रहने वाला भारतीय-अमेरिकी समुदाय भी इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया) के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वास्थ्य, शांति और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग गुरु एच. आर. नागेंद्र न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वेयर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

कैसे शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस?

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत भारत की पहल पर हुई थी। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69वें सत्र को संबोधित करते हुए योग के वैश्विक महत्व पर जोर दिया था। इसके बाद भारत ने संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को रिकॉर्ड 175 देशों का समर्थन मिला, जो संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में सबसे व्यापक समर्थन प्राप्त प्रस्तावों में से एक था। बाद में दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित कर दिया। इसके बाद से वर्ष 2015 से हर साल 21 जून को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी भारत सहित कई देशों में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें अमेरिका के डेलावेयर राज्य और न्यूयॉर्क का टाइम्स स्क्वेयर प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें