Entertainment News : ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स 27 जून से अपने बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ की शुरुआत करने जा रहा है। इस बार शो नए अंदाज़, बड़े स्तर और नए चेहरों के साथ दर्शकों के सामने आएगा। शो को अभिनेता ऋतेश देशमुख और फिल्ममेकर फराह खान होस्ट करेंगे, जो बतौर ‘जेलर’ प्रतियोगियों की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।
एकता कपूर और बालाजी टेलीफिल्म्स के सहयोग से तैयार किए गए इस शो में 14 चर्चित हस्तियां एक ही छत के नीचे कैद रहकर चुनौतियों, रणनीतियों और अपने निजी राज़ों के बीच मुकाबला करेंगी। हर दिन बदलते समीकरण और कठिन फैसले दर्शकों के लिए रोमांच को और बढ़ाएंगे।
इस बार शो का नाम ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ रखा गया है, जो दर्शकों को यह सवाल पूछने पर मजबूर करेगा कि आखिर सच और सज़ा के बीच की रेखा कितनी पतली होती है। मेकर्स का दावा है कि यह सीज़न पहले से कहीं ज्यादा बड़ा, बोल्ड और अप्रत्याशित होगा।
सोशल मीडिया पर शो को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और फैंस प्रतियोगियों की आधिकारिक सूची का इंतजार कर रहे हैं। नेटफ्लिक्स पर इसका प्रसारण 27 जून से हर शनिवार से बुधवार रात 8 बजे किया जाएगा।