rain to bring relief around Chandigarh : चंडीगढ़। चंडीगढ़, मोहाली, मनीमाजरा और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत दिए हैं। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 और 28 जून को चंडीगढ़ समेत कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है। साथ ही किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है।
इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। लोगों को मौसम में बदलाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश शुरू होने के बाद लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
चंडीगढ़ के साथ-साथ पंचकूला और मोहाली में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इन दोनों शहरों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बारिश के कारण तापमान में कमी आएगी और मौसम पहले से अधिक सुहावना हो जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों में पंजाब के ज्यादातर इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। फिलहाल कई जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये बारिश किसानों के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। खासकर धान की रोपाई कर रहे किसानों को इससे काफी मदद मिलेगी। वहीं, आम लोगों को भी गर्मी से राहत मिलने के साथ मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...