Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘हिंद महासागर में अहम समुद्री पार्टनर और करीबी दोस्त’, सेशेल्स पहुंचने पर बोले पीएम मोदी

June 27, 2026

‘हिंद महासागर में अहम समुद्री पार्टनर और करीबी दोस्त’, सेशेल्स पहुंचने पर बोले पीएम मोदी

PM Modi visit Seychelles: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिन की आधिकारिक राजकीय यात्रा पर सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया पहुंचे। एयरपोर्ट पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री का उत्साह के साथ स्वागत किया।

राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी का स्वागत के लिए धन्यवाद किया

सेशेल्स पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी का स्वागत के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर में भारत का एक अहम समुद्री साझेदार और करीबी मित्र देश है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच पुराने और मजबूत रिश्ते और आगे बढ़ेंगे तथा दोनों देशों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट पर मिले स्वागत की तस्वीरें भी साझा कीं और वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों के स्नेह और प्यार के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

यह यात्रा कई मायनों में खास मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ यानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष सेशेल्स अपनी आजादी के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। देश को वर्ष 1976 में यूनाइटेड किंगडम से आजादी मिली थी।

 

सेशेल्स को हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का महत्वपूर्ण पड़ोसी बताया

यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह साल सेशेल्स के लिए बेहद खास है क्योंकि देश अपनी स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती मना रहा है। उन्होंने सेशेल्स को हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का महत्वपूर्ण पड़ोसी बताया और कहा कि दोनों देश ‘विजन महासागर’ (Vision MAHASAGAR) और ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच उच्चस्तरीय बैठक होगी। दोनों नेता भारत और सेशेल्स के बीच सहयोग के सभी अहम क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे। बातचीत में समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग, क्षमता निर्माण, रक्षा साझेदारी और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।

पैट्रिक हर्मिनी के साथ मुलाकात और चर्चा को लेकर उत्साहित

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा से पहले कहा था कि वह अपने मित्र राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ मुलाकात और चर्चा को लेकर उत्साहित हैं। इसके अलावा वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि वहां भाषण देना उनके लिए सम्मान की बात होगी और वह भारतीय समुदाय से मिलने का भी इंतजार कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हुई है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देगी और भविष्य में सहयोग के नए अवसर खोलेगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह सेशेल्स की पहली आधिकारिक यात्रा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें