CM Yogi attacks the opposition: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर में समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम के भक्तों का विरोध करते थे, वे आज खुद को राम भक्त बताने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि जिन नेताओं ने पहले ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने वालों पर कार्रवाई करवाई, वे अब भगवान राम के प्रति अपनी आस्था क्यों दिखा रहे हैं।
रामपुर के मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 690 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जो लोग ‘जय श्री राम’ बोलने वालों पर लाठीचार्ज करवाते थे, वे आज राम भक्ति की बात कर रहे हैं। जो लोग राम भक्तों पर गोलियां चलवाते थे, वे अब भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।”
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले कांग्रेस भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व और आस्था को स्वीकार नहीं करती थी, लेकिन आज वही पार्टी अयोध्या जाने के लिए उत्सुक दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि भगवान राम सब जानते हैं कि कौन सही है और कौन गलत। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष इस बात से परेशान है कि अयोध्या और काशी विश्वनाथ धाम का विकास इतनी तेजी से कैसे हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष विकास कार्यों का जवाब नहीं दे पा रहा है, तो वह जनता को गुमराह करने के लिए झूठ का सहारा ले रहा है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब राज्य में किसी भी जिले के साथ भेदभाव नहीं किया जाता। अगर एक जिले को बिजली मिलती है तो सभी 75 जिलों को समान रूप से बिजली उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि विकास अब बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र तक पहुंच रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने देगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाती है और कानून-व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर में शुरू की गई 102 विकास परियोजनाएं जिले के विकास को नई रफ्तार देंगी। इन परियोजनाओं से लोगों को बेहतर सड़कें, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ये योजनाएं जनसेवा, जन-सुविधा और जन-कल्याण को मजबूत करेंगी तथा ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने X (पूर्व में ट्विटर) पर भी एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि 690 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 102 विकास परियोजनाएं रामपुर की विकास यात्रा को नई गति और नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आम लोगों का जीवन आसान बनाएंगी और जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...