Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिनेमाघरों में दस्तक देगी डिज़्नी की ‘Moana’, 10 जुलाई से होगा शानदार सफर शुरू

July 8, 2026

सिनेमाघरों में दस्तक देगी डिज़्नी की ‘Moana’, 10 जुलाई से होगा शानदार सफर शुरू

एंटरटेनमेंट डेस्क : डिज़्नी की बहुप्रतीक्षित लाइव-एक्शन फिल्म मोआना 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म में मोआना की भूमिका निभा रहीं 19 वर्षीय कैथरीन लगाइया ने हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान उस सफर के बारे में खुलकर बात की, जिसने उन्हें सिर्फ एक कलाकार के रूप में ही नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में भी बदल दिया।

जब उनसे पूछा गया कि उनकी मोआना दुनिया भर की उन युवा लड़कियों को क्या संदेश देना चाहेगी, जो अपनी ज़िंदगी की नई और अनजानी राहों पर आगे बढ़ रही हैं, तो कैथरीन ने फिल्म के सबसे भावनात्मक रिश्ते दादी ताला और मोआना के बीच अटूट विश्वास का ज़िक्र किया।

कैथरीन कहती हैं, “मुझे लगता है कि वही सलाह जो मोआना को उसकी दादी देती हैं रीफ से आगे बढ़ने की। हमारे निर्देशक टॉमी कैल अक्सर कहते हैं कि दादी ताला को वह बात पता थी, जो खुद मोआना भी नहीं जानती थी। उन्हें पूरा विश्वास था कि मोआना वही हासिल करेगी, जिसके लिए वह बनी है। शायद ज़िंदगी में कोई ऐसी अनदेखी शक्ति होती है, जो आपको आपकी मंज़िल की ओर बुलाती है, भले ही उस समय आपको इसका एहसास न हो। इसलिए मेरा मानना है कि ज़िंदगी में मिलने वाले हर अवसर को पूरे दिल से अपनाना ही आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका है।”

खुद पर भरोसा रखने और हर अवसर को अपनाने का यह संदेश सिर्फ फिल्म की कहानी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कैथरीन ने इसे अपनी असल ज़िंदगी में भी महसूस किया। फिल्म की तरह उनकी अपनी यात्रा भी आत्मविश्वास और आत्म-खोज से भरी रही।

वह कहती हैं, “मैंने इस फिल्म के दौरान अपने बारे में बहुत कुछ सीखा और बहादुर बनना भी सीखा। इस सफर में कई ऐसे मौके आए जिन्हें अपनाने में मुझे डर लगता था, क्योंकि आपको नहीं पता होता कि आगे क्या होने वाला है। लेकिन आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं, तो महसूस होता है कि अब मैं उन अवसरों को अपनाने के लिए कहीं ज़्यादा तैयार हूं, जो पहले मुझे बहुत दूर या बहुत मुश्किल लगते थे।”

कैथरीन की यह यात्रा बिल्कुल मोआना की कहानी जैसी ही है। जिस तरह मोआना ने अपने डर पर काबू पाकर रीफ से आगे बढ़ने का साहस दिखाया, उसी तरह कैथरीन ने भी अपने सपनों को सच करने के लिए हर चुनौती को स्वीकार किया।

ऑस्कर-नामांकित डिज़्नी की लोकप्रिय एनिमेटेड फिल्म मोआना के इस भव्य लाइव-एक्शन रूपांतरण का निर्देशन एमी और टोनी अवॉर्ड विजेता थॉमस कैल (Hamilton) ने किया है। फिल्म के निर्माता ड्वेन जॉनसन, डैनी गार्सिया, ब्यू फ्लिन, हीरम गार्सिया और लिन-मैनुअल मिरांडा हैं। वहीं, थॉमस कैल, स्कॉट शेल्डन, चार्ल्स न्यूइर्थ और ऑलीई क्रावाल्हो जिन्होंने एनिमेटेड फिल्मों मोआना और मोआना 2 में मोआना को अपनी आवाज़ दी थी इस फिल्म के कार्यकारी निर्माता हैं।

लिन-मैनुअल मिरांडा, ओपेटाइया फोआई और मार्क मैनसीना के मूल गीतों तथा मार्क मैनसीना के शानदार बैकग्राउंड स्कोर के साथ मोआना इस प्रिय कहानी को नई पीढ़ी के लिए पहले से कहीं अधिक भव्य और भावनात्मक अंदाज़ में बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है।

ट्रेलर यहां देखें: 

डिज़्नी की लाइव-एक्शन फिल्म मोआना 10 जुलाई 2026 से पूरे भारत के सिनेमाघरों में अंग्रेज़ी और हिंदी में रिलीज़ होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें