Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन में 2026 ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक और पर्यटन उपभोग सत्र की शुरुआत

July 9, 2026

चीन में 2026 ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक और पर्यटन उपभोग सत्र की शुरुआत

इंटरनेशनल डेस्क: 8 जुलाई को चीन में वर्ष 2026 के राष्ट्रीय ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक और पर्यटन उपभोग सत्र का शुभारंभ छिंगहाई प्रांत में हुआ। जानकारी के अनुसार, इस सत्र के दौरान देश भर के विभिन्न क्षेत्र ग्रीष्मकालीन अवकाश, समुद्र तटीय पर्यटन, रात्रिकालीन अर्थव्यवस्था, क्रूज़ पर्यटन, नौकायन, पारिवारिक मनोरंजन, अध्ययन यात्राएं, अमूर्त सांस्कृतिक विरासत से जुड़े व्यंजन और संग्रहालय भ्रमण जैसी लोकप्रिय गतिविधियों पर विशेष ध्यान देंगे। 

इस दौरान उच्च गुणवत्ता वाले सांस्कृतिक और पर्यटन उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाई जाएगी और देश भर में 30,000 से अधिक सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, लोगों और पर्यटकों को ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का भरपूर आनंद लेने के लिए 45 करोड़ युआन से अधिक के उपभोक्ता वाउचर और अन्य उपभोग सब्सिडी भी दी जाएंगी।

इस वर्ष के मुख्य आयोजन की मेजबानी छिंगहाई प्रांत कर रहा है। इसका मुख्य आकर्षण “गर्मियों में बर्फ से ढके पहाड़ों को देखने के लिए छिंगहाई आइए” अभियान है। इसके तहत 16 “जीवन वृक्ष” थीम आधारित पर्यटन मार्ग, 5 चुनिंदा सेल्फ-ड्राइविंग मार्ग और 4 छिंगहाई-पीली नदी पर्यटन मार्ग शुरू किए गए हैं। ये सभी मार्ग प्रांत के पर्वतीय, नदी और झीलों से जुड़े पारिस्थितिक तथा सांस्कृतिक स्थलों को आपस में जोड़ते हैं। 

इसके अलावा, “छिंगहाई पारिवारिक भोज” प्रचार अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही, टिकट, आवास, पर्यटन मार्ग, परिवहन और अन्य सेवाओं के लिए 2 करोड़ युआन के सांस्कृतिक एवं पर्यटन उपभोग वाउचर भी वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर चीन के खेल प्रशासन ने “खेल आयोजन के साथ यात्रा करें” अभियान के तहत वर्ष 2026 के राष्ट्रीय ग्रीष्मकालीन युवा खेल आयोजनों की निर्देशिका जारी की। वहीं, चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने ग्रीष्मकालीन हवाई यात्रा और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष रियायतों की घोषणा की। इसके अलावा, चीन के मौसम विज्ञान प्रशासन ने गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटन मानचित्र और तारामंडल अवलोकन मार्गदर्शिका भी जारी की।

जानकारी के अनुसार, यह ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक और पर्यटन उपभोग सत्र जुलाई की शुरुआत से अगस्त के अंत तक चलेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें