Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

संजू सैमसन को लेकर बड़ी खबर, इस T20 लीग में नहीं खेलेंगे

July 9, 2026

संजू सैमसन को लेकर बड़ी खबर, इस T20 लीग में नहीं खेलेंगे

Kerala Cricket League: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। संजू ने इस साल होने वाली केरल क्रिकेट लीग (KCL) के तीसरे सीजन में नहीं खेलने का फैसला किया है। इसके लिए उन्होंने 11 जुलाई को होने वाले खिलाड़ी ऑक्शन में अपना नाम भी दर्ज नहीं कराया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, KCL ऑक्शन में कुल 156 खिलाड़ियों पर बोली लगनी है, लेकिन इस सूची में संजू सैमसन का नाम शामिल नहीं है। संजू ने केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) को पहले ही बता दिया है कि वह इस बार टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बनेंगे।

संजू सैमसन के लिए पिछले कुछ दिन आसान नहीं रहे हैं। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद भी वह हाल के मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। लगातार तीन पारियों में फ्लॉप रहने के बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया। इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी संजू को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली।

संजू सबसे महंगे खिलाड़ी थे

केरल क्रिकेट लीग के पिछले सीजन में संजू सबसे महंगे खिलाड़ी थे। कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने उन्हें 26.80 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। यह रकम टीम के कुल 50 लाख रुपये के ऑक्शन बजट के आधे से भी ज्यादा थी। हालांकि, इस बार फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि संजू ऑक्शन में उतरेंगे और कोई दूसरी टीम उन्हें खरीद सकती है, लेकिन उन्होंने खुद ही इस बार लीग से दूर रहने का फैसला कर लिया।

20 अगस्त से शुरू होगा तीसरा सीजन 

संजू सैमसन का KCL में नहीं खेलना केरल के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वह राज्य के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक हैं और उनकी मौजूदगी से लीग की लोकप्रियता भी बढ़ती है। केरल क्रिकेट लीग का तीसरा सीजन 20 अगस्त से 5 सितंबर तक खेला जाएगा। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि संजू सैमसन इस दौरान अपने खेल और भविष्य की तैयारियों पर किस तरह ध्यान देते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें