नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी को पत्र लिखकर दक्षिण दिल्ली की महत्वपूर्ण मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने और इसके विकास का कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री का कहना है कि इस कदम से दिल्ली-एनसीआर में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि लगभग 8.8 किलोमीटर लंबी मांडी रोड राजधानी के प्रमुख रणनीतिक सड़क गलियारों में शामिल है।
यह मार्ग छतरपुर मेट्रो स्टेशन के निकट महरौली-गुरुग्राम रोड (एनएच-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ता है। इसके कारण यह सड़क दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच अंतर-राज्यीय यातायात की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती है तथा प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सेंटर (यूटीटीआईपीईसी) की गवर्निंग बॉडी ने 27 सितंबर 2023 को आयोजित अपनी 68वीं बैठक में मांडी रोड के चौड़ीकरण और व्यापक विकास के प्रस्ताव का समर्थन किया था।
ऐसे में सड़क के बढ़ते महत्व और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का हिस्सा बनाया जाना उचित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मांडी रोड का सीधा संपर्क राष्ट्रीय राजमार्ग-148ए से होने के कारण इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है। यदि इस मार्ग का विकास एनएचएआई के माध्यम से किया जाता है तो एकीकृत योजना के तहत आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों के अनुरूप इसका समयबद्ध उन्नयन संभव होगा। इससे सड़क की क्षमता बढ़ेगी, जाम की समस्या कम होगी और यात्रियों को सुरक्षित तथा बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का अनुरोध करते हुए कहा कि मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने से न केवल दिल्ली-एनसीआर की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाने में केंद्र सरकार के सहयोग की अपेक्षा भी जताई।
मेष: दिन शुभ रहेगा...