Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मां के नाम पेड़ लगाकर भावुक हुईं Huma Qureshi, बोलीं- ‘उन्होंने सिखाया असली ताकत का मतलब’

July 12, 2026

मां के नाम पेड़ लगाकर भावुक हुईं Huma Qureshi, बोलीं- ‘उन्होंने सिखाया असली ताकत का मतलब’

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने अपनी मां के प्रति प्यार और सम्मान जाहिर करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है। अभिनेत्री ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें समझाया कि ताकत हमेशा दिखावे में नहीं होती, बल्कि धैर्य, प्यार और बिना किसी उम्मीद के दूसरों का साथ देने में होती है।

हुमा कुरैशी ने हाल ही में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अपनी मां के नाम एक पौधा लगाया। इस खास पहल के जरिए उन्होंने अपनी मां के प्रति आभार और प्यार व्यक्त किया। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर पौधा लगाते हुए अपनी तस्वीरें साझा कीं और बताया कि उनके लिए यह सिर्फ एक पौधा लगाना नहीं, बल्कि अपनी मां के योगदान को सम्मान देने का एक तरीका है।

इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए हुमा ने लिखा, ”मेरी जिंदगी में जिन सबसे मजबूत महिलाओं को मैंने जाना है, उनमें सबसे पहले मेरी मां आती हैं। उन्होंने मुझे सिखाया कि असली ताकत शांत होती है, धैर्य से भरी होती है और हमेशा देने वाली होती है। यही वजह है कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ मेरे दिल के बहुत करीब है।”

हुमा ने आगे लिखा, ”अपनी मां के नाम एक पेड़ लगाना सिर्फ एक पौधा लगाना नहीं है, यह वह कृतज्ञता है जो हर मौसम के साथ बढ़ती रहती है। जब ‘धन्यवाद’ जैसे शब्द भी खत्म हो जाते हैं, तब भी यह पेड़ आपकी भावनाओं को बनाए रखता है।”

हुमा कुरैशी ने इस अभियान के पर्यावरण से जुड़े पहलुओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि इस मानसून उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वच्छ नदियों, सोलर सिटी, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और किसानों को हरित प्रयासों के लिए प्रोत्साहित करने जैसी योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। जिस तरह एक मां अपने बच्चे को प्यार और देखभाल से बड़ा करती है, उसी तरह एक पेड़ को भी प्यार और जिम्मेदारी के साथ बढ़ने का मौका देना चाहिए।

बता दें कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की थी। इस पहल के जरिए लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और प्रकृति को बचाने की दिशा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें