Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में बड़ी वारदात: बेअदबी मामले के आरोपी की गला काटकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

July 14, 2026

पंजाब में बड़ी वारदात: बेअदबी मामले के आरोपी की गला काटकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

पंजाब डेस्क: फतेहगढ़ साहिब में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बता दें कि मंडी गोबिंदगढ़ इलाके के गांव लाडपुर तूरां में बेअदबी मामले के आरोपी रहे मेवा सिंह की तेजधार हथियारों से गला काटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि देर रात नकाबपोश हमलावर उसके घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

हमले के दौरान मेवा सिंह की मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि घर के अंदर चारों ओर खून फैल गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बेटी ने बताई खौफनाक रात की कहानी

मृतक की बेटी ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे उसके पिता कमरे से बाहर गए थे। कुछ देर बाद उन्हें चीखने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उसकी और उसकी मां की नींद खुल गई।

बेटी के अनुसार, उसके पिता मदद के लिए चिल्ला रहे थे। उन्होंने कहा कि डैडी लगातार बचाने की गुहार लगा रहे थे। जब वह और उसकी मां उन्हें बचाने के लिए बाहर आए तो दो लोग उन पर हमला कर रहे थे।

बचाने पहुंचे परिवार पर भी किया हमला

बेटी ने बताया कि वह और उसकी मां डंडा लेकर हमलावरों का सामना करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। डर के कारण दोनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पड़ोसियों को फोन कर मदद मांगी। पड़ोसियों के आने पर हमलावर मौके से भाग निकले।

बेअदबी केस में आरोपी था मेवा सिंह

पुलिस के अनुसार, मेवा सिंह पर वर्ष 2020 में गांव तुरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने का आरोप लगा था। इस मामले में उसके खिलाफ मंडी गोबिंदगढ़ थाने में केस दर्ज किया गया था।

मामला अदालत में विचाराधीन था और मेवा सिंह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस अब हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें…

रोजमर्रा की जिंदगी जी रहा था मृतक

जानकारी के मुताबिक, मेवा सिंह पहले गांव में सिलाई का काम करता था। बाद में उसने यह काम छोड़कर एक मिल में नौकरी शुरू कर दी थी। वह अपने परिवार के साथ गांव में ही रह रहा था।

फिलहाल पुलिस मामला दर्ज करके हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे कैमरों और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें