Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

रावी नदी के कटाव से कक्कड़ गांव पर मंडराया खतरा, MP गुरजीत औजला ने किया दौरा; तत्काल बचाव कार्य शुरू करने की मांग

July 15, 2026

रावी नदी के कटाव से कक्कड़ गांव पर मंडराया खतरा, MP गुरजीत औजला ने किया दौरा; तत्काल बचाव कार्य शुरू करने की मांग

पंजाब डेस्क: सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बुधवार को भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांव कक्कड़ हल्का राजासांसी का दौरा कर रावी नदी के तेज कटाव से बनी गंभीर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों से भी मुलाकात कर हालात की जानकारी ली।

औजला ने कहा कि रावी नदी के लगातार कटाव के कारण सैकड़ों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि नदी में समा चुकी है और अब बीएसएफ की रक्षा पंक्तियां (डिफेंस लाइन) भी खतरे की जद में आ गई हैं। उन्होंने बताया कि पहले नदी का बहाव काफी दूर था, लेकिन अब कटाव करते हुए नदी डिफेंस लाइन तक पहुंच गई है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो रक्षा पंक्ति को भी नुकसान पहुंच सकता है, जिससे देश की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।

सांसद औजला ने आरोप लगाया कि बाढ़ के बाद सरकार ने इस क्षेत्र की कोई सुध नहीं ली। न तो कटाव रोकने के लिए पत्थर लगाए गए और न ही कोई स्थायी सुरक्षा कार्य कराया गया। उन्होंने कहा कि किसानों की रजिस्टर्ड जमीनें और खसरा नंबर वाली भूमि लगातार रावी नदी के कटाव की भेंट चढ़ रही हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि तत्काल अस्थायी तौर पर रेत की बोरियां या अन्य आवश्यक इंतजाम कर कटाव को रोका जाए। साथ ही करीब ढाई किलोमीटर लंबे प्रभावित हिस्से में स्थायी रूप से पत्थर लगाकर नदी के कटाव पर रोक लगाने का कार्य शुरू किया जाए।

औजला ने कहा कि संसद सत्र शुरू होने पर वह इस मुद्दे को संसद में भी प्रमुखता से उठाएंगे। यदि पंजाब सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को कोई प्रस्ताव भेजती है तो उसे मंजूरी दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कक्कड़ से लेकर इस सीमावर्ती क्षेत्र के अंतिम छोर तक कहीं भी बचाव के लिए पत्थर या रेत की बोरियां नहीं लगाई गई हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि तत्काल मौके पर पहुंचकर किसानों की जमीन और सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक बचाव कार्य शुरू किए जाएं।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें