Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से बचाव के लिए चलाया बड़ा अभियान, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

July 20, 2026

स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से बचाव के लिए चलाया बड़ा अभियान, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

लुधियाना : बारिश के मौसम में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत सरकारी हाई स्कूल कोट मंगल सिंह में विशेष शिविर लगाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों को डेंगू के कारणों, लक्षणों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें।

घर और आसपास पानी जमा न होने दें

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। अधिकारियों ने बताया कि एडीज मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है, इसलिए कूलर, फ्रिज की ट्रे, फूलों के गमले, पुराने टायर और अन्य जलभराव वाले स्थानों की सप्ताह में कम से कम एक बार सफाई करना बेहद जरूरी है।

डेंगू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें

विशेषज्ञों के अनुसार तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द तथा शरीर पर लाल चकत्ते डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं इलाज करने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सकीय सलाह लेना चाहिए।

विद्यार्थियों को भी किया गया जागरूक

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू से संबंधित जागरूकता सामग्री वितरित की। साथ ही विद्यार्थियों को एडीज मच्छर के लार्वा की पहचान करने और उसके प्रजनन को रोकने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।

📍 Location: Ludhiana

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें