
अमृतसर : पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मेरी रसोई’ राशन किट वितरण योजना ने नया मुकाम हासिल करते हुए 30 लाख से अधिक परिवारों तक अपनी पहुंच बना ली है। पनसप के चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। अब तक 30.48 लाख परिवारों को राशन किट वितरित की जा चुकी हैं, जबकि प्रत्येक तिमाही में 40.48 लाख पात्र परिवारों को इस योजना के तहत लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क के नेतृत्व में यह अभियान मिशन मोड में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक पौष्टिक खाद्य सामग्री पहुंचाकर उनकी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है। प्रभबीर सिंह बराड़ ने बताया कि प्रत्येक पात्र परिवार को एक राशन किट दी जा रही है, जिसमें 2 किलो दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल है। यह किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम -2013 के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि लाभार्थियों को संतुलित और पौष्टिक भोजन मिल सके।
उन्होंने बताया कि राशन किटों की पैकिंग का कार्य मार्कफेड द्वारा किया जा रहा है, जबकि पूरे राज्य में इनके वितरण की निगरानी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग कर रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बनी रहे। चेयरमैन बराड़ के अनुसार अब तक वितरित 30.48 लाख राशन किटों में लुधियाना 3,44,427 किटों के साथ पहले, पटियाला 2,24,447 किटों के साथ दूसरे और अमृतसर 2,08,073 किटों के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद बठिंडा (1,90,800), जालंधर (1,69,223) और गुरदासपुर (1,68,880) का स्थान है।
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल अनाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को प्रोटीन, खाद्य तेल और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर कुपोषण और खाद्य असुरक्षा जैसी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटना है। सरकार लगातार वितरण प्रक्रिया की निगरानी कर रही है ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक समय पर राशन किट पहुंच सके। जिला प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, मार्कफेड और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से इस अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई हैं। प्रभबीर सिंह बराड़ ने कहा कि ‘मेरी रसोई’ योजना पंजाब सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत कोई भी जरूरतमंद और पात्र परिवार भोजन सुरक्षा से वंचित न रहे।