Enthusiasm seen in Sports Mahakumbh : महेंद्रगढ़। बारिश की फुहारें खेल का जोश नहीं रोक सकीं। ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेल महाकुंभ के दूसरे दिन आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खातोद में कबड्डी मुकाबलों का रोमांच पूरे शबाब पर रहा। बीच-बीच में बारिश से कुछ समय के लिए खेल प्रभावित हुए, लेकिन खिलाड़ियों के बुलंद हौसले और दर्शकों के उत्साह ने मैदान का माहौल लगातार ऊर्जावान बनाए रखा।
मैदान पर टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल भावना का परिचय दिया, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरपीएस ग्रुप के सीईओ इंजी. मनीष राव उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता खेल सचिव एवं विद्यालय प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने की। मुख्य अतिथि इंजीनियर मनीष राव ने कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की सबसे मजबूत पाठशाला हैं। जीत और हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ खेलना ही वास्तविक सफलता है। उन्होंने कहा कि आरपीएस समूह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने कहा कि अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास ही खिलाड़ी की सबसे बड़ी पहचान हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी ईमानदारी और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी जगमाल सिंह ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं और बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास करती हैं। डॉ. किशोर तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक, आरपीएस ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव, सीईओ इंजीनियर मनीष राव, डिप्टी सीईओ कुनाल राव, एईओ विक्रम सिंह तथा राजेश शर्मा झाड़ली के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
अंडर-19 : संस्कार भारती स्कूल, पाली विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुरेती पिलानिया उपविजेता रहा।
अंडर-17 : संस्कार भारती स्कूल, पाली ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आरपीएस महेंद्रगढ़ की टीम उपविजेता रही।
अंडर-14 : श्रीकृष्णा स्कूल और संस्कार भारती स्कूल संयुक्त रूप से विजेता घोषित किए गए।
अंडर-11 : आरपीएस की टीम विजेता तथा एसबीबी नावा उपविजेता रही।
बारिश के कारण कुछ खेलों के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा, लेकिन आयोजकों ने बेहतर प्रबंधन के साथ प्रतियोगिताओं को सुचारु रूप से जारी रखा। चार आयु वर्गों में आयोजित इस खेल महाकुंभ में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों खिलाड़ी भाग ले रहे हैं और आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Also Read
मेष: दिन शुभ रहेगा...