Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 81 मवेशी मुक्त, तीन वाहन जब्त

July 30, 2026

जम्मू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 81 मवेशी मुक्त, तीन वाहन जब्त

जम्मू, 29 जुलाई: जम्मू पुलिस ने मवेशियों की अवैध तस्करी पर शिकंजा कसते हुए ‘ऑपरेशन कामधेनु’ के तहत तीन अलग-अलग अभियानों में कुल 81 मवेशियों को सुरक्षित छुड़ाया। इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पूरे मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली कार्रवाई सिधरा ब्रिज क्षेत्र में नियमित वाहन जांच के दौरान हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 36 मवेशी अमानवीय परिस्थितियों में भरे हुए मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।

दूसरी घटना बन टोल इलाके में सामने आई, जहां पुलिस ने पीछा कर एक अन्य ट्रक को रोका। जांच के दौरान उसमें 34 मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। सभी पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर वाहन को जब्त कर लिया गया।

तीसरी कार्रवाई मनवाल पुलिस पोस्ट की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर नधाल क्षेत्र में की। यहां एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 11 मवेशी बेहद तंग जगह में ठूंसकर रखे गए थे। इनमें दो गायें और नौ बैल शामिल थे। पुलिस के अनुसार पशुओं के पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। वाहन चालक अब्दुल गनी, निवासी कटियाल (आर.एस. पुरा), को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत संबंधित थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अवैध मवेशी तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।

जम्मू पुलिस ने स्पष्ट किया कि मवेशियों की तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता के मामलों में उसकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति आगे भी जारी रहेगी। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें