Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

91 गेंदों में बना दिए 233 रन, 25 छक्के जड़े… अभिषेक शर्मा ने तूफानी दोहरा शतक बनाकर मचाया धमाल

August 2, 2026

91 गेंदों में बना दिए 233 रन, 25 छक्के जड़े… अभिषेक शर्मा ने तूफानी दोहरा शतक बनाकर मचाया धमाल

खेल डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी करते हुए अपनी बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया। पंजाब स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट सीनियर वनडे लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट 2026-27 में उन्होंने अमृतसर मेन सीनियर की ओर से खेलते हुए तरन तारन मेन सीनियर के खिलाफ सिर्फ 91 गेंदों में 233 रन की तूफानी पारी खेली।

गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए

यह मुकाबला 2 अगस्त को अमृतसर के गांधी ग्राउंड्स में खेला गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने अपनी पारी में 25 छक्के और 15 चौके लगाए। यानी उन्होंने सिर्फ चौकों और छक्कों से ही 210 रन बना दिए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 256.04 रहा। अभिषेक के सामने तरन तारन के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, उन्होंने सभी की जमकर धुनाई की। मैदान के हर कोने में लगाए गए उनके लंबे-लंबे छक्कों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

अभिषेक की इस यादगार पारी की बदौलत अमृतसर मेन सीनियर ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 533 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए अभय चौधरी ने 85 गेंदों में 93 रन, अभिनव शर्मा ने 33 गेंदों में 51 रन, साहिल शर्मा ने 20 गेंदों में 37 रन, वरिंदर सिंह लोहट ने 36 रन और सलिल अरोड़ा ने 29 रन का योगदान दिया।

जिम्बाब्वे टूर पर अभिषेक का प्रदर्शन निराशाजनक रहा 

गौरतलब है कि हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 11 रन बनाए थे। हालांकि, उनकी खराब फॉर्म का असर भारतीय टीम पर नहीं पड़ा और श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने वह सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। अब घरेलू क्रिकेट में खेली गई यह धमाकेदार पारी उनके शानदार फॉर्म में वापसी का संकेत मानी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें