जालंधर: जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन स्थित ब्रिज वर्कशॉप में बुधवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए रेलवे के सीनियर सैक्शन इंजीनियर मिलिंद कुमार को कथित तौर पर रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया। कार्रवाई चंडीगढ़ से पहुंची सीबीआई की विशेष टीम ने इंस्पैक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में की। टीम आरोपी को अपने साथ चंडीगढ़ ले गई, जबकि मौके से कुछ दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए। जानकारी के अनुसार, सीबीआई की यह कार्रवाई रेलवे से जुड़े ठेकेदार की शिकायत के आधार पर की गई।
ठेकेदार ने आरोप लगाया था कि ब्रिज वर्कशॉप में मशीनरी से संबंधित कार्यों के करीब 50 से 60 लाख रुपए के बकाया भुगतान को जारी करने के बदले एसएसई की ओर से दो प्रतिशत रिश्वत की मांग की जा रही थी। ठेकेदार का आरोप है कि रिश्वत नहीं देने के कारण उसे काम में देरी का हवाला देकर परेशान किया गया। उसने दावा किया कि इस समय उसका करीब 28 लाख रुपए का भुगतान बकाया था। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और बुधवार को ब्रिज वर्कशॉप में कार्रवाई की।
वहीं मुख्य इंजीनियर अधिकारियों के अनुसार ठेकेदार की शिकायत के बाद मशीनरी की खरीद की क्रॉस जांच के आदेश दिए गए थे। सीबीआई ने अपनी जांच के आधार पर कार्रवाई की है। वहीं, आरपीएफ थाने के इंस्पैक्टर रविंदर कुमार ने भी पुष्टि की कि कार्रवाई सीबीआई की टीम ने की है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी सीबीआई के चंडीगढ़ कार्यालय से ही मिल
सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...