Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग, शिक्षक सहित कई लोगों की मौत

August 7, 2026

थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग, शिक्षक सहित कई लोगों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: थाईलैंड के नोंथाबुरी प्रांत के बांग क्रुआई जिले स्थित एक प्रतिष्ठित हाई स्कूल में आज गोलीबारी की घटना हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आठवीं कक्षा के एक छात्र ने स्कूल के भीतर फायरिंग कर दी। घटना में एक शिक्षक की मौके पर मौत हो गई, जबकि आरोपी छात्र ने बाद में खुद को भी गोली मार ली।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में कई अन्य लोग भी हताहत हुए हैं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, मृतकों की संख्या सात तक पहुंचने की बात सामने आई है, जबकि करीब 15 छात्र घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें स्कूल पहुंच गईं। पूरे परिसर को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बनाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

शिक्षा मंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

घटना के बाद थाईलैंड के शिक्षा मंत्री प्रसर्ट चंतारारुआंगथोंग ने संबंधित विभागों को तत्काल राहत और सहायता कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही प्रभावित लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का आकलन कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें…

मृतकों के परिवारों के प्रति जताई संवेदना

सरकार ने इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें