Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरप्रीत ‘मिसेज तीज’, हरप्रीत ने जीता ‘मिसेज पंजाबन’ का खिताब

August 7, 2026

गुरप्रीत ‘मिसेज तीज’, हरप्रीत ने जीता ‘मिसेज पंजाबन’ का खिताब

Harpreet won the title of ‘Mrs. Punjaban’ : मोगा। रेड कार्पेट चैरिटेबल सोसायटी की ओर से आयोजित हरियाली तीज समारोह पंजाबी लोक संस्कृति और महिलाओं के उत्साह से सराबोर रहा। चोखा एम्पायर में आयोजित कार्यक्रम में 22 साल बाद मलेशिया से मोगा लौटीं गुरप्रीत कौर ने ‘मिसेज तीज’ का ताज अपने नाम किया, जबकि हरप्रीत कौर गिल को ‘मिसेज पंजाबन’ चुना गया। समारोह में गिद्धा, लोकगीत, बोलियां, भांगड़ा और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने समां बांध दिया।

तीज समारोह में पंजाबी संस्कृति की दिखी झलक

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर पंजाबी संस्कृति और विरासत का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.राजिंदर कौर उपस्थित रहीं। उन्होंने मिसेज तीज क्वीन का ताज अपने हाथों से पहनाया। इस मौके पर डॉ.राजिंदर कौर ने कहा कि अपनी पुरानी परंपराओं व विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का हरियाली तीज का आयोजन सशक्त मंच है। इस अवसर पर गगनदीप कौर गिल, पल्लवी मड्डिया (महिला मोर्चा, भाजपा शहर इकाई), गुरचरण कौर तथा सिमरजीत कौर गिल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के आयोजन में पंजाबी लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। महिलाओं ने लोक गीत, गिद्धा, भांगड़ा, बोलियां, डांस, मनोरंजक खेलों तथा अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

महिलाओं को मिले सम्मान और उपहार

इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए सरप्राइज गिफ्ट सहित कई आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों और सहयोगियों को स्मृति-चिन्ह (शील्ड) देकर सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक महिला को जज ज्वैलर्स की ओर से चांदी की अंगूठी भेंट की गई, जिससे महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में पारंपरिक पंजाबी साज-सज्जा, चरखा, मढ़ानियां और अन्य सांस्कृतिक प्रॉप्स आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाकर पंजाबी संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना था। उपस्थित महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए रेड कार्पेट चैरिटेबल सोसायटी का आभार व्यक्त किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें