यमुनानगर : कांवड़ यात्रा से लौट रहे दो श्रद्धालुओं की देर रात यमुनानगर के रादौर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव धोंडग के पास हुए भीषण सडक़ हादसे में मौत हो गई। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने घर लौट रहे दोनों युवकों को पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सडक़ पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया। मृतकों की पहचान जींद जिले के नरवाना के मोरपट्टी मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय सचिन व 21 वर्षीय अजय कुमार उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला किया है। थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में विक्रम कुमार ने बताया कि वह अपने ताऊ के बेटे सचिन, गांव के अजय कुमार, गांव लोन निवासी आशीष कुमार और अन्य साथियों के साथ 3 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेने गए थे।
सभी श्रद्धालु गंगाजल लेकर पैदल अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जब उनका जत्था गांव धौंंडग के पास पहुंचा, तभी यमुनानगर की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने पीछे से सचिन और अजय को जोरदार टक्कर मार दी। विक्रम ने बताया कि उसने समय रहते सडक़ किनारे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जबकि दोनों साथी ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस और एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एएसआई सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी कमलजीत का कहना है कि शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए, जिन्हें अंतिम संस्कार के लिए जींद ले जाया गया। थाना सदर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।