Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मंडी में गंदगी के बीच स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल, बढ़ी परेशानी

August 10, 2026

मंडी में गंदगी के बीच स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल, बढ़ी परेशानी

Independence Day rehearsal amid filth in Mandi : मोगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत अनाज मंडी में विद्यार्थियों की रिहर्सल शुरू हो गई है, लेकिन रिहर्सल स्थल पर फैली गंदगी और जमा गंदे पानी ने तैयारियों की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।मंडी परिसर में जगह-जगह गोबर बिखरा पड़ा है और गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों और शिक्षकों को मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य प्रस्तुतियों का अभ्यास करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सुबह के समय विभिन्न स्कूलों से विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ रिहर्सल के लिए अनाज मंडी पहुंच रहे हैं। लंबे समय तक मैदान में अभ्यास करने वाले विद्यार्थियों को गंदगी और दुर्गंध के बीच रहना पड़ रहा है। कई जगहों पर गंदे पानी के कारण फिसलन भी बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों के गिरने का खतरा बना रहता है। विद्यार्थियों और शिक्षकों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम की तैयारियां स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में होनी चाहिए। गंदगी और बदबू के कारण रिहर्सल के दौरान विद्यार्थियों का ध्यान भी प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा जमा पानी के कारण मच्छरों के पनपने की आशंका भी बनी हुई है।

समारोह से पहले सफाई करवाने की मांग

विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने संबंधित विभाग व प्रशासन से मांग की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले अनाज मंडी परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। मंडी में बिखरा गोबर हटाने के साथ-साथ जमा गंदे पानी की निकासी करवाकर रिहर्सल स्थल को पूरी तरह साफ करवाया जाए। लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और आम लोग पहुंचेंगे, इसलिए इससे पहले सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना जरूरी है। लोगों ने प्रशासन से मामले का तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें